Delhi assembly Election: पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय गोयल का दावा- AAP के 14 विधायक भाजपा के संपर्क में
भाजपा नेता विजय गोयल ने दावा किया है कि आम आदमी पार्टी के 14 विधायक भाजपा में आने के लिए लाइन में लगे हैं।
नई दिल्ली, जेएनएन। दिल्ली विधानसभा चुनाव (Delhi assembly Election) जैसे-जैसे नजदीक आ रहा है वैसे-वैसे नेताओं की बयानबाजी तेज हो रही है। इसी कड़ी में सोमवार को आप नेता संजय सिंह पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ भाजपा नेता विजय गोयल के आवास के सामने प्रदर्शन किया तो भाजपा ने भी आप को करारा जवाब दिया है।
आप नेता संजय सिंह के धरने पर प्रतिक्रिया देते हुए विजय गोयल ने कहा कि संजय सिंह अपनी पार्टी में मनीष सिसोदिया के प्रतिद्वंद्वी हैं। केजरीवाल पार्टी में सिसोदिया को ज्यादा अहमियत देते हैं, इसलिए अपनी अहमियत बढ़ाने के लिए मेरे घर के बाहर धरना देने आए थे।
14 आप विधायक भाजपा में आने के लिए लाइन में - विजय गोयल
भाजपा में मुख्यमंत्री के सवाल पर संजय सिंह पर पलटवार करते हुए विजय गोयल ने कहा कि केजरीवाल पहले अपना घर संभाले फिर उनके नेता मुख्यमंत्री पद को लेकर भाजपा से सवाल करें। गोयल ने कहा कि आम आदमी पार्टी में कई नेता पार्टी छोड़ दिए हैं और 14 आप विधायक भाजपा में आने के लिए लाइन में लगे हैं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री दिल्ली के बारे में भाजपा विधायकों को विधानसभा में बोलने नहीं देते हैं। उन्हें बताना चाहिए कि प्रदूषण, अनधिकृत कालोनी, नए स्कूल कॉलेज सहित दिल्ली के लोगों से किए गए अन्य वादों का क्या हुआ। जिस समय संजय सिंह और दिलीप पांडेय उनके घर के बाहर धरना दे रहे थे उस समय मैं सदर बाजार में पानी बिल वापस कराने के लिए आप सरकार के खिलाफ हस्ताक्षर अभियान चला रहा था।
वहीं दिल्ली विधनसभा में नेता प्रतिपक्ष विजेंद्र गुप्ता ने आरोप लगाया कि मार्शल की भर्ती में घोटाला हुआ है। भाजपा मंगलवार को एबीसी के पास शिकायत दर्ज कराएगी।
श्याम जाजू ने दिया आप को जवाब
भाजपा में मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार कौन होगा के सवाल पर दिल्ली भाजपा प्रदेश प्रभारी श्याम जाजू ने कहा कि नगर निगम के बाद लोकसभा चुनाव में भी दिल्ली के लोगों ने आम आदमी पार्टी को नकार दिया है। इसलिए आप नेताओं को किसी तरह की गलतफहमी नहीं होनी चाहिए। भाजपा में मुख्यमंत्री पद के दावेदार कौन है इसकी चिंता आप को करने की जरूरत नहीं है।
पहले भ्रष्ट नेताओं पर कार्रवाई करें केजरीवाल
आप के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह की आलोचना करते हुए श्याम जाजू ने कहा कि उन्हें जनता को यह बताना चाहिए कि आप के संस्थापक सदस्य रहे बड़े नेता क्यों बाहर चले गए। आप नेताओं को यदि जनता की चिंता है तो उन्हें अपने अपराधी नेताओं के खिलाफ कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि केजरीवाल सरकार के कई मंत्रियों, आप विधायकों और नेताओं पर महिला उत्पीड़न और भष्टाचार के मामले दर्ज हैं।
श्याम जाजू ने कहा कि विधानसभा में भाजपा विधायकों को आम आदमी पार्टी के लोग बात नहीं रखने देते हैं, लेकिन हमारे नेता के घर के आगे आकर आप नेता नाटक कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आप नेता संजय सिंह का सवाल बेतुका है इसलिए विजय गोयल जवाब नहीं देंगे। वह पहले पत्र लिखते हैं फिर एसएमएस और ट्वीट करते हैं। उन्हें निगम और लोकसभा में जवाब दे दिया है और अब विधानसभा चुनाव में जनता उन्हें फिर जवाब देगी। बता दें कि आप नेता संजय सिंह ने सोमवार को विजय गोयल के घर के बाहर धरना दिया और पूछा आखिर दिल्ली में भाजपा में मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार कौन हैं।