Delhi Election 2020 : टुकड़े-टुकड़े गैंग के लोग गलत प्रचार कर भारत की छवि को पहुंचा रहे नुकसान: रेड्डी
Delhi Election 2020 शाहदरा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी संजय गोयल (माला पहने) के समर्थन में सभा को संबोधित करते केंद्रीय गृह राज्यमंत्री जी किशन रेड्डी। साथ हैं अन्य कार्यकर्ता।
जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। Delhi Election 2020 : केंद्रीय गृह राज्य मंत्री जी. किशन रेड्डी ने कहा कि कुछ लोग मजहब, भाषा, प्रांत व पार्टी के नाम पर देश को बांटना चाहते हैं। टुकड़े-टुकड़े गैंग के लोग गलत प्रचार कर विश्व में भारत की छवि को नुकसान पहुंचाना चाहते हैं, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई वाली सरकार ऐसा नहीं होने देगी। रेड्डी विवेक विहार में भाजपा प्रत्याशी संजय गोयल के समर्थन में आयोजित नुक्कड़ सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के शासनकाल में देश में कहीं भी दंगे नहीं हुए और कहीं भी बम ब्लास्ट नहीं होने दिया गया। देश लगातार तरक्की की राह पर है, जिससे देश विरोधी ताकतों को तकलीफ हो रही है। उनके पास मोदी सरकार के खिलाफ बोलने के लिए कुछ नहीं है, जिसकी वजह से गलत प्रचार व गलत तरीके को अपनाया जा रहा है।
उन्होंने नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) को लेकर प्रदर्शन करने वालों से सवाल पूछा कि वे किसके के लिए प्रदर्शन व धरना दे रहे हैं। क्या पाकिस्तान व बांग्लादेश के लोगों के लिए। उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह राज्य मंत्री होने के नाते मैं बयान दे रहा हूं कि सीएए से भारत के 130 करोड़ नागरिकों में से एक की भी नागरिकता जाने वाला यह काननू नहीं है। यह कानून तो उनके लिए है जिन्हें मजहब के नाम पर पाकिस्तान व बांग्लादेश में घोर प्रताड़ना दी गई है और जो किसी तरह भारत में आकर शरणार्थी का जीवन जी रहे हैं।
आजादी के समय पाकिस्तान में अल्पसंख्यकों की संख्या 15 प्रतिशत थी जो अब महज एक प्रतिशत रह गई है। प्रताड़ित अल्पसंख्यकों को स्वीकार करना देश का देश के नागरिकों का कर्तव्य है, जिसका पालन केंद्र सरकार ने किया है। उन्होंने दिल्ली सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि दिल्ली सरकार के गुणगान के बड़े-बड़े विज्ञापन तेलुगु अखबार में छपते और वहां के चैनल में चलते हैं। दिल्ली की जनता की गाढ़ी कमाई को वहां खर्च करने का क्या औचित्य है। अब दिल्ली की जनता ही तय करेगी कि यहां का पैसा यहीं उपयोग होना चाहिए या नहीं।