Delhi Election 2020: जानिए- आरकेपुरम विधानसभा सीट के बारे में, हार-जीत तय करते हैं पूर्वांचल के लोग
Delhi Election 2020 नई दिल्ली लोकसभा क्षेत्र के तहत आने वाली आर के पुरम विधानसभा सीट पर इस बार 156 मतदान केंद्रों पर 155 287 लोग अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। Delhi Election 2020 : दिल्ली विधानसभा चुनाव-2020 के मद्देनजर आगामी 8 फरवरी को मतदान तो 11 फरवरी को मतों की गिनती होनी है। ऐसे में चुनाव प्रचार जोर पकड़ चुका है। यहां पर हम बता रहे हैं आरकेपुरम विधानसभा सीट ( RKPuram Assembly seat) के बारे में। यह विधानसभा सीट नई दिल्ली लोकसभा क्षेत्र (New Delhi Lok Sabha Seat) के अंतर्गत आती है। दिल्ली विधानसभा चुनाव-2015 में आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल की लहर में यहां पर भाजपा और कांग्रेस के दिग्गज बहुत ज्यादा पिछड़ गए और यहां पर AAP की प्रमिला टोकस ने जीत हासिल की थी।
इस विधानसभा की खास बात यह है कि यह कांग्रेस का गढ़ रही है। 15 वर्षों तक कांग्रेस ने यह सीट अपने कब्जे में रखी। दिल्ली विधानसभा चुनाव-2013 में भारतीय जनता पार्टी के अनिल शर्मा ने यह सीट जीती थी, लेकिन वह महज 15 महीने तक ही विधायक रह पाए।
आरके पुरम विधानसभा क्षेत्र में तकरीबन 1,56,000 के मतदाता हैं, इसमें महिला और पुरुषों दोनों की संख्या शामिल है। इस विधानसभा क्षेत्र में सरकारी और प्राइवेट कर्मचारी ज्यादा रहते हैं, तो वहीं यहां पर पूर्वांचल और उत्तराखंड के लोगों का ही बहुमत है।
नई दिल्ली लोकसभा क्षेत्र के तहत आने वाली आर के पुरम विधानसभा सीट पर इस बार 156 मतदान केंद्रों पर 1,55, 287 लोग अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। दिल्ली चुनाव-2015 में यहां पर कुल 64.14 फीसद मतदान हुआ था, जिसमें BJP को 36.96, कांग्रेस को 4.2 और आम आदमी पार्टी को 56.77 फीसद मत मिले थे।
यहां पर बता दें कि भारतीय निर्वाचन आयोग (Election Commission of India) द्वारा घोषित किए गए दिल्ली विधानसभा चुनाव कार्यक्रम (Delhi Election 2020) के अनुसार, 6 फरवरी की शाम को चुनाव प्रचार खत्म हो जाएगा और 8 फरवरी को वोट डाले जाएंगे।