Delhi Assembly Election 2020: केजरीवाल पर विपक्षी दलों के आरोपों से आहत हैं पत्नी सुनीता
Delhi Assembly Election 2020 अरविंद केजरीवाल पर विपक्षी नेताओं द्वारा लगाए जा रहे आरोपों से पत्नी सुनीता केजरीवाल आहत हैं।
नई दिल्ली, एएनआइ। Delhi Assembly Election 2020: मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर विपक्षी नेताओं द्वारा लगाए जा रहे आरोपों से पत्नी सुनीता केजरीवाल आहत हैं। समाचार एजेंसी एएनआइ से उन्होंने मंगलवार को कहा कि दिल्ली की जनता देख रही है कि हम पर कैसे-कैसे आरोप लगाए जा रहे हैं। यह बहुत निराशाजनक है कि आरोप उस व्यक्ति पर लगाए जा रहे हैं जो इतनी मेहनत से काम कर रहा है।
सुनीता केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में एक बार फिर आम आदमी पार्टी की सरकार बनने जा रही है। उन्होंने दावा किया कि केजरीवाल फिर से मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं।
बता दें कि भाजपा सांसद प्रवेश वर्मा ने दिल्ली के सीएम केजरीवाल को आतंकवादी करार दिया था। इसके अलावा कांग्रेस और भाजपा के अन्य नेता भी केजरीवाल पर जनता को गुमराह करने समेत कई गंभीर आरोप लगा रहे हैं।
संजय सिंह ने दी भाजपा को चुनौती
आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को चुनौती देते हुए कहा कि यदि केजरीवाल आतंकवादी हैं, तो उन्हें गिरफ्तार करके जेल में डालकर दिखाओ। पार्टी मुख्यालय में प्रेसवार्ता कर उन्होंने कहा कि चुनाव में हार के डर से भाजपा के नेता मुख्यमंत्री केजरीवाल के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के सांसद प्रवेश वर्मा ने पहले केजरीवाल को आतंकवादी कहा और उसके बाद हरियाणा के मुख्यमंत्री ने उन्हें बंदर कहा। वहीं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनकी बीमारी का मजाक उड़ाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सोमवार को भाजपा के केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावडेकर ने भी केजरीवाल को आतंकवादी कहा है।
संजय सिंह ने कहा कि बड़े ही आश्चर्य की बात है कि दिल्ली की राजधानी जहां पर संसद है, सरकार और चुनाव आयोग है। वहां पर इस तरह के अपशब्दों का प्रयोग किया जा रहा है। कहा कि वह पूर्व से ही कह रहे हैं कि दिल्ली का माहौल बिगाड़ने की कोशिश की जा रही है। पिछले 3 दिन से दिल्ली की सड़कों पर फायरिंग हो रही है। तमंचा कल्चर को प्रोत्साहित किया जा रहा है। बवाल कारने की कोशिश की जा रही है। जनता सब समझ रही है और 8 फरवरी को भाजपा को इसका जवाब देगी।