CM के हेल्थ सुविधा वाले बयान पर मनोज तिवारी ने कहा- जनता चुनाव में देगी जवाब
मनोज तिवारी ने कहा है कि मुख्यमंत्री पूर्वांचल के लोगों से घृणा करते हैं। यदि दूसरे राज्य का कोई व्यक्ति दिल्ली में आकर इलाज कराता है तो इससे मुख्यमंत्री को क्या परेशानी है?
नई दिल्ली, जेएनएन। बिहार के लोगों को लेकर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) के बयान पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी (Manoj Tiwari) ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा है कि मुख्यमंत्री पूर्वांचल के लोगों से घृणा करते हैं। यदि दूसरे राज्य का कोई व्यक्ति दिल्ली में आकर इलाज कराता है तो इससे मुख्यमंत्री को क्या परेशानी है? आयुष्मान भारत के तहत प्रधानमंत्री गरीबों का पांच लाख तक का मुफ्त इलाज करा रहे हैं।
गरीबों को इलाज से वंचित रखने का आरोप
उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार केंद्र सरकार की इस योजना से गरीबों को वंचित रख रही है। इस योजना को लागू करने के बजाय मुख्यमंत्री पूर्वांचल के लोगों को अपमानजनक बयान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि केजरीवाल हमें अपना राजनीतिक दुश्मन मानते हैं और इसका बदला पूर्वांचल के लोगों से ले रहे हैं। दूसरे राज्य के लोगों के प्रति उनके मन में जो घृणा है उसका बदला लोग विधानसभा चुनाव में लेंगे।
केजरीवाल ने कहा दिल्ली में बेहतर हैं सुविधाएं
सीएम केजरीवाल ने मंगोलपुर स्थित संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल में 362 बेड के ट्रामा सेंटर के शिलान्यास के वक्त कहा कि मुझ पर ऐसे आरोप हैं कि अस्पतालों में सुविधाएं मुफ्त करने से लोगों में मुफ्तखोरी पैदा हो रही है, जिसकी आदत ठीक नहीं है। लेकिन, दुनिया के सबसे विकसित देशों में जो होता आ रहा है, वही अब दिल्ली में हो रहा है। उन्होंने बताया कि डेनमार्क जैसे विकसित देश में सभी सरकारी अस्पतालों में इलाज मुफ्त है। डेनमार्क में अगर आप सरकारी अस्पताल में जाएं और एक महीने के अंदर ऑपरेशन की तारीख न मिले तो आप प्राइवेट अस्पताल में जाकर ऑपरेशन करा सकते हैं, जिसका खर्च सरकार देती है। हमने दिल्ली में भी यही किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली में जो सुविधाएं मिल रही हैं, वह डेनमार्क, अमेरिका, जापान जैसे बड़े-बड़े विकसित देशों की तरह हैं।