Karawal Nagar: क्या कपिल मिश्रा की इस सीट पर होगी आप की वापसी?
करावल नगर विधानसभा क्षेत्र हाल ही में इसलिए सुर्खियों में था क्योंकि यहां से बीएसपी प्रत्याशी समेत कई कार्यकर्ता आप में शामिल हो गए थे।
नई दिल्ली, जेएनएन। करावल नगर सीट उत्तर पूर्व दिल्ली लोकसभा सीट का हिस्सा है। करावल दिल्ली की पुरानी सीटों में शामिल नहीं है जबकि इसे साल 1993 में हुए परिसीमन में विधानसभा बनाया गया था। यह इलाका 1993 में विधानसभा सीट बनाया गया था। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद और नोएडा से कुछ ही दूरी पर बसा यह इलाका शहीद भगत सिंह कॉलोनी के लिए भी जाना जाता है।
मुगलकाल के दौरान यह क्षेत्र एक छोटा सा गांव हुआ करता था, जिसे दिल्ली सरकार ने विकसित कराया और बाद में यह दिल्ली का आधुनिक सुविधायुक्त क्षेत्र बन गया। इस क्षेत्र में बड़े पैमाने पर घरेलू सामान, रेडीमेड कपड़े, शूज समेत विभिन्न प्रकार के सामान का थोक और फुटकर बाजार भी है। करावल नगर विधानसभा क्षेत्र हाल ही में इसलिए सुर्खियों में था, क्योंकि यहां से बीएसपी प्रत्याशी समेत कई कार्यकर्ता आप में शामिल हो गए थे।
साल 1993 में जब यहां पहली बार चुनाव हुए तो यहां से भाजपा के रामपाल ने जीत हासिल की थी। उन्होंने कांग्रेस के कल्याण सिंह को हराया और विधायक बने। इसके बाद बीजेपी ने इस सीट पर लगातार 5 चुनावों में जीत दर्ज की। भाजपा के दिग्गज नेता मोहन सिंह बिस्ट इस सीट से 5 बार लगातार विधायक बने। वर्तमान में कपिल मिश्रा यहां से विधायक हैं, जिन्होंने आम आदमी पार्टी की टिकट पर यहां से चुनाव लड़ा था, लेकिन अब वो बीजेपी में शामिल हो चुके हैं।
अगर इस सीट पर मतदाताओं की बात करें तो यहां कुल 243774 मतदाता हैं, जिसमें 138880 पुरुष और 104878 महिला मतदाताओं का नाम शामिल है। इस सीट से कपिल मिश्रा ने 5 बार से विधायक रहे भाजपा के दिग्गज नेता मोहन सिंह बिस्ट को हरा दिया था। कपिल मिश्रा ने बीजेपी प्रत्याशी को करीब 44431 वोटों से हराया था। हार के बाद भी मोहन सिंह बिष्ट राजनीति में सक्रिय रहे। वह फिलहाल भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष भी हैं। मोहन सिंह बिष्ट का अपने प्रदेश अध्यक्ष के साथ मतभेद भी जगजाहिर है। इसके बाद भी उन्हें फिर से करावल नगर में भाजपा के प्रतिनिधित्व का मौका मिला है।