भाजपा को चुनाव आयोग का नोटिस, आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप
चुनाव आयोग ने कांग्रेस की शिकायत पर भाजपा के खिलाफ नोटिस जारी किया है। कांग्रेस की तरफ से की गई शिकायत के मुताबिक भाजपा ने दिल्ली चुनाव से पहले आचार संहिता के उल्लघंन किया है।
नई दिल्ली, एएनआइ। चुनाव आयोग ने कांग्रेस की शिकायत पर भाजपा के खिलाफ नोटिस जारी किया है। कांग्रेस की तरफ से की गई शिकायत के मुताबिक, भाजपा ने दिल्ली चुनाव से पहले आचार संहिता के उल्लघंन किया है। कांग्रेस का आरोप है कि प्रिंट मीडिया में विज्ञान में गलत तथ्य दिए गए हैं। चुनाव आयोग ने इसका जवाब देने के लिए भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह को 31 जनवरी 2020 तक दोपहर 12 बजे तक का समय दिया है। गौरतलब है कि दिल्ली में विधानसभा चुनाव 8 फरवरी को होगा, जबकि 11 तारीख को मतगणना होगी।
दिल्ली विधानसभा चुनाव 2020 के लिए आम आदमी पार्टी, भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के साथ अन्य छोटे दलों ने प्रचार के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। वहीं, प्रचार के दौरान विवादित और आपत्तिजनक बयानों का सिलसिला भी जारी है। ताजा मामले में दिल्ली की मॉडल टाउन सीट से भाजपा प्रत्याशी कपिल मिश्रा ने ट्वीट किया है- 'अब जब AAP ने शाहीन बाग बना ही लिया है तो शाहीन बाग के साथ साथ मुख्यमंत्री निवास भी खाली करवाएंगे हम दिल्ली वाले।' बता दें कि इससे पहले कपिल मिश्रा ने पहले भी विवादित बयान दिया है। उन्होंने कहा था कि 8 तारीख को दिल्ली में हिंदुस्तान और पाकिस्तान का मैच होगा।
6 फरवरी को खत्म होगा चुनाव प्रचार
दिल्ली विधानसभा चुनाव 2020 के तहत 6 फरवरी की शाम पांच बजे चुनाव प्रचार समाप्त होगा और 8 फरवरी को मतदान होगा, जबकि 11 को मतों की गिनती होगी।
दिल्ली विधानसभा चुनाव के इतिहास में कांग्रेस ने पहली बार किसी पार्टी के साथ गठबंधन किया है। बता दें कि कांग्रेस ने बिहार में अपनी सहयोगी पार्टी राष्ट्रीय जनता दल को गठबंधन के तहत दिल्ली में चार सीटें दी हैं।
दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल ने आज यानी गुरुवार को तिमारपुर में रोड शो किया। इससे पहले भी अरविंद केजरीवाल दिल्ली के कई इलाकों में रोड शो आयोजित कर चुके हैं।