Delhi Assembly Election 2020: दिल्ली के सबसे बुजुर्ग मतदाता का 111 वर्ष की उम्र में निधन
Delhi Assembly Election 2020 पोते गुरचरण सिंह ने बताया कि दादा जी पिछले 4 दिन से खाना नहीं खा रहे थे। इससे धीरे-धीरे कमजोर होने लगे थे। साथ ही चलने में भी दिक्कत होने लगी थी।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। Delhi Assembly Election 2020 : दिल्ली विधानसभा चुनाव 2020 होने में एक महीने से भी कम बाकी है, ऐसे में दिल्ली से बुरी खबर आई। दिल्ली के सबसे बुजुर्ग मतदाता बचन सिंह का निधन 111 वर्ष की उम्र में हो गया। उन्होंने आजादी के बाद से राजधानी दिल्ली में हुए सभी चुनाव में हिस्सा लिया था। इस वर्ष हुए लोकसभा चुनाव में भी उन्होंने मतदान किया था। ट्राईसाइकिल पर बैठकर वे मतदान करने पहुंचे थे।
चार दिन से नहीं खा रहे थे खाना
वहीं, बोते गुरचरण सिंह ने बताया कि दादा जी पिछले चार दिनों से खाना नहीं खा रहे थे। इस कारण धीरे-धीरे कमजोर होने लगे थे। साथ ही चलने में भी दिक्कत होने लगी थी। उन्होंने कहा कि दादा जी को कोई बीमारी नहीं थी। इस उम्र में भी कोई दवा नहीं खा रहे थे। अपने स्वास्थ्य का पूरा ध्यान रखते थे, लेकिन बढ़ती उम्र के साथ उनका शरीर कमजोर होने लगा था। स्वजनों ने बताया कि बचन सिंह 1947 में दिल्ली आए थे। 2011 में उनकी पत्नी गुरबचन कौर का 105 वर्ष की उम्र में निधन हो गया था।
लोकसभा चुनाव 2019 में भी किया था
10 मई 2019 को तत्कालीन पश्चिमी जिला निर्वाचन अधिकारी अजीमुल हक उनसे मिलने चंद्र विहार स्थित उनके छोटे बेटे के निवास स्थान पर पहुंचे थे। यहां उन्होंने बचन सिंह को सम्मानित कर 12 मई को हुए लोकसभा चुनाव में मतदान करने के लिए पोलिंग स्टेशन आने का आमंत्रण दिया था।
बता दें कि आगामी दिल्ली विधानसभा चुनाव में भी अगर 111 वर्षीय बचन सिंह मतदान करते तो एक और रिकॉर्ड बनता।
गौरतलब है कि दिल्ली विधानसभा चुनाव 2020 की तारीखों का एलान कभी हो सकता है। माना जा रहा है कि भारतीय निर्वाचन आयोग (Election Commission of India) आगामी कुछ दिनों में चुनाव आचार संहिता लागू करने के साथ मतदान और वोटों की गिनती की तारीखों का एलान करने वाला है।