Delhi Election 2020: केजरीवाल की बेटी भी उतरी मैदान में, पूछा- क्या बिजली-पानी मुफ्त देना आतंकवाद है?
Delhi Election 2020भाजपा और कांग्रेस के आरोपों का जवाब देने के लिए पत्नी सुनीता के बाद बेटी हर्षिता केजरीवाल भी मैदान में उतर आई हैं।
नई दिल्ली, एजेंसी। Delhi Election 2020: दिल्ली विधानसभा चुनाव 2020 का प्रचार अंतिम चरण में है और इसी के साथ आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी तेज हो गया है। आम आदमी पार्टी मुखिया और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर भाजपा और कांग्रेस के आरोपों का जवाब देने के लिए पत्नी सुनीता के बाद बेटी हर्षिता केजरीवाल भी मैदान में उतर आई हैं।
हर्षिता केजरीवाल ने समाचार एजेंसी एएनआइ से बातचीत में अपने पिता अरविंद केजरीवाल पर लगे आरोपों का बचाव करते हुए कहा- 'बेशक राजनीति गंदी है, लेकिन गिरावट का यह नया स्तर है। अगर लोगों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं को मुफ्त किया जा रहा है तो क्या ये आतंकवाद है? बच्चों को शिक्षित किया जा रहा है तो क्या ये आतंकवाद है? अगर बिजली और पानी की सेवाओं में सुधार हुआ है तो क्या ये आतंकवाद है?'
हर्षिता ने अपने पिता अरविंद केजरीवाल की तारीफ करते हुए कहा- 'मेरे पिता हमेशा समाज सेवा के लिए तत्पर रहे। याद है मुझे मैं, मेरा भाई भाई, मम्मी और दादा-दाती सुबह 6 बजे जाग जाते थे। सुबह-सुबह हमें भगवद्गगीता का पाठ पढ़ाया जाता था। इंसान का इंसान से हो भाई चारा, गीत गाया जाता था। क्या ये आतंकवाद है? '
सीएम पर लगे आरोपों से सुनीता केजरीवाल आहत
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर विपक्षी नेताओं द्वारा लगाए जा रहे आरोपों से उनकी पत्नी सुनीता केजरीवाल आहत हैं। उन्होंने मंगलवार को कहा कि दिल्ली की जनता देख रही है कि हम पर कैसे-कैसे आरोप लगाए जा रहे हैं। यह बहुत निराशाजनक है कि आरोप उस व्यक्ति पर लगाए जा रहे हैं जो इतनी मेहनत से काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में एक बार फिर आम आदमी पार्टी की सरकार बनने जा रही है। उन्होंने दावा किया कि केजरीवाल फिर से मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं। सुनीता केजरीवाल ने आरोप लगाया कि भाजपा सांसद प्रवेश वर्मा ने दिल्ली के सीएम केजरीवाल को एक जनसभा के दौरान आतंकवादी कहा है। यही नहीं केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावडेकर पर भी उन्होंने अरविंद केजरीवाल को आतंकवादी कहने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि इसके अलावा कांग्रेस और भाजपा के अन्य नेता भी लगातार केजरीवाल पर निराधार आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता सब देख और सुन रही है।