Delhi Election 2020: दिल्ली को प्रदूषण से मुक्त करेंगे, कभी नहीं होगी पानी की समस्या- गडकरी
Delhi Election 2020 नितिन गडकरी ने कहा कि दिल्ली की समस्या दूषित हवा और पानी है। इस कारण यहां की जनता का स्वास्थ्य अच्छा नहीं रहता। भाजपा सरकार इससे मुक्ति दिलाएगी।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि दिल्ली की समस्या दूषित हवा और पानी है। इस कारण यहां की जनता का स्वास्थ्य अच्छा नहीं रहता, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार दिल्ली को वायु और जल प्रदूषण से मुक्त करेगी। दिल्ली में इलेक्टिक कार, बस और बाइक लाई जाएंगी। इससे दिल्ली वायु प्रदूषण से मुक्त होगी। वह सोमवार की रात किराड़ी में भाजपा प्रत्याशी अनिल झा के पक्ष में आयोजित सभा में बोल रहे थे।
गडकरी ने इस दौरान कहा कि उत्तराखंड में छह हजार करोड़ की योजना लखवाड़ प्रोजेक्ट के तहत 2070 तक दिल्ली को कभी पानी की समस्या नहीं होगी। इस समस्या का समाधान भाजपा ने किया है।
कांग्रेस ने सिर्फ अपने कार्यकर्ताओं की गरीबी हटाई
गडकरी ने आगे कहा कि देश की तस्वीर बदल रही है। 1947 से लेकर आज 70 साल के इतिहास में कांग्रेस पार्टी पर लोगों ने बहुत विश्वास किया, लेकिन कांग्रेस ने देश की जनता के साथ विश्वासघात किया। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस ने गरीबी हटाओ का नारा दिया, कई कार्यक्रमों की घोषणा हुई, लेकिन हिंदू, जैन, सिख, ईसाई, बौद्ध, मुसलमान, दलित, गरीब, मजदूर, किसानों की गरीबी नहीं हटी। कांग्रेस ने सिर्फ अपने कार्यकर्ताओं की गरीबी हटाई। मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार आई तो पांच साल में देश की तस्वीर बदल गई।
पहली बार 38 करोड़ गरीबों ने बैंकों में खाते खोले
केंद्रीय मंत्री ने यह भी कहा कि पहली बार 38 करोड़ गरीबों ने बैंकों में खाते खोले। भाजपा सरकार के आने से नौ करोड़ परिवारों को गैस सिलेंडर मिला है। भाजपा सरकार के आयुष्मान योजना के तहत पांच लाख तक की इलाज की सुविधा गरीबों को दी।
दिल्ली का काफी नुकसान हुआ
गडकरी ने आम आदमी पार्टी पर निशाना साझते हुए कहा की पिछली बार दिल्ली की जनता ने केजरीवाल सरकार के झूठे वादों में आकर उन्हें चुन कर जो गलती की थी, इससे दिल्ली का काफी नुकसान हुआ।