Delhi Election 2020: दिल्ली की जंग जीतने के लिए AAP ने झोंकी पूरी ताकत
दिल्ली के लोगों को आकर्षित करने के लिए चार भागों में बंट कर वालेंटियर प्रचार अभियान में जुटे हैं और अब तक 10 लाख से अधिक लोगों को पार्टी की टोपी भेंट कर चुके हैं।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। आम आदमी पार्टी दिल्ली विधानसभा चुनाव प्रचार के आखिरी चरण में पूरी ताकत झोंक दी है। पार्टी के नेताओं ने अपनी जनसभाओं व नुक्कड़ नाटकों के आयोजन को बढ़ा दिया है। लगातार वह लोंगों से संपर्क कर रहे हैं। वहीं मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरे हुए हैं। उधर प्रचार में सबसे बड़ी भूमिका प्रचार में उतरे वालंटियर निभा रहे हैं।
इन अभियाना में पार्टी की ओर से चलाए जा रहे अभियानों से एक-एक मतदाता तक पहुंचने के प्रयास किया जा रहा है। आप के वालंटियर मतदाताओं से संपर्क कर पिछली बार की तरह इस बार भी अरविंद केजरीवाल को मुख्यमंत्री बनाकर राजनीति में परिवर्तन लाने की अपील कर रहे हैं।
दिल्ली के लोगों को आकर्षित करने के लिए चार भागों में बंट कर वालेंटियर प्रचार अभियान में जुटे हैं और अब तक 10 लाख से अधिक लोगों को पार्टी की टोपी भेंट कर चुके हैं। जिसमें काम पर वोट देने का संदेश दिया जा रहा है। वालंटियर का यह प्रचार अभियान बृहस्पतिवार शाम 5 बजे समाप्त हो जाएगा।
कैंपेन के कोआर्डिनेटर विकास शुक्ला ने बताया कि चुनाव के आखिरी चरण के प्रचार अभियान में दिल्ली के एक-एक घर तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। हमने प्रचार अभियान को चार भागों में बांटा हुआ है। पहला, नुक्कड़ नाटक की 15 टीमें बनाई गई हैं। प्रत्येक टीम में 10-10 सदस्य हैं। दिल्ली की 70 विधानसभाओं में 1000 से अधिक हॉट स्पॉट चिंहित किए गए हैं। यह सभी हॉट स्पॉट प्रमुख मेट्रो स्टेशनों, बाजारों और कच्ची कॉलोनियों में चिंहित किए गए हैं। यह टीम प्रतिदिन इन चिंहित हॉट स्पॉट पर जाकर नुक्कड़ नाटक की मदद से लोगों को आम आदमी पार्टी की सरकार के कार्यों के बारे में बता कर जागरूक कर रही है और लोगों को आप की टोपी भेंट कर रही हैं।
दूसरा, 10-10 वालंटियर की 10 टीमें बनाई गई हैं। यह टीमें चिंहित हॉट स्पॉट पर लगे रहो केजरीवाल गीत पर फ्लैश मॉब की प्रस्तुति देती हैं। तीसरी टीम वाद्य यंत्रों की मदद से दिल्ली की जनता को बता रही है कि जनता ने कैसे पांच साल पहले देश की राजनीति में परिवर्तन लाने का काम किया और आज उसे बरकरार रखने का समय है, ताकि देश की राजधानी को विश्व स्तरीय शहर बनाया जा सके। यह टीमें सभी पार्टियों के समर्थकों को एकजुट होकर आम आदमी पार्टी को सपोर्ट करने की अपील कर रही हैं।
चौथी टीम में 50 वालंटियर हैं। इन्हें बज कैम्पेन टीम नाम दिया गया है। बज टीम में 500 अन्य वालंटियर्स कनाट प्लेस में प्रतिदिन कैम्पेन कर रहे हैं। वहीं 50 वालंटियर्स सभी विधानसभाओं में चिंहित हॉट स्पॉट पर जाकर चुनावी चर्चा कर रहे हैं। लोगों को बताया जा रहा है कि आम आदमी पार्टी की सरकार बनने के बाद किस तरह से दिल्ली का तेजी से विकास हुआ और आगे किस तरह से विकास कार्य किए जाएंगे। इसके साथ यह टीमें प्रतिदिन एक लाख लोगों को पार्टी की टोपी भेंट कर रही है।