Delhi Assembly Election 2020: कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में RJD नेता तेजस्वी ने की रैली
Delhi Assembly Elections 2020 तेजस्वी यादव ने दिल्ली के बादली विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी देवेंद्र यादव के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। Delhi Assembly Elections 2020: बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने दिल्ली के बादली विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी देवेंद्र यादव के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान एनडीए सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि बजट में बिहार को मोदी सरकार ने सिर्फ ठेंगा दिया है और इसका जवाब उन्हें दिल्ली के चुनाव में मिलेगा।
तेजस्वी ने कहा कि भाजपा सरकार के करीबी दोस्त देश को लूटकर भागना चाहते हैं। आठ फरवरी को दिल्ली में बसे बिहार के लोग भाजपा का निपटारा कर देंगे। उन्होंने कहा कि बिहार चुनाव में भी नीतीश और भाजपा की सरकार को मुंह की खानी पड़ेगी।
बिहार सरकार पर कसा तंज
उन्होंने बिहार सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि अब तक यह नहीं बताया कि राज्य में कितने कारखाने और कंपनियां खोली गई हैं? प्रदेश में कितने युवाओं को रोजगार दिया है? उन्होंने नीतीश कुमार का अमित शाह के साथ मंच साझा करने को चाटुकारिता बताया।
तेजस्वी ने इसके साथ ही यह सवाल पूछा कि बिहार में 15 वर्ष के कथित सुशासनी राज के बाद भी करोड़ों बिहारवासी पलायन क्यों कर रहे हैं? अगर कार्य हुए हैं तो पलायन कम क्यों नहीं हुआ। सरकार उन्हें रोटी-रोजगार के लिए बिहार वापस क्यों नहीं बुला रही है।
बता दें कि दिल्ली विधानसभा चुनाव 2020 के चुनाव प्रचार के लिए बृहस्पतिवार का आखिरी दिन है। ऐसे में सभी राजनीतिक दल चुनाव प्रचार में लगे हुए हैं। मतदान 8 फरवरी को होगा जबकि मतगणना 11 फरवरी को होगी।