पीएम उदय से होगी दिल्ली की सत्ता में वापसी, 40 लाख से ज्यादा आबादी पर BJP की नजर
Delhi assembly Election 2020 दिल्ली की अनधिकृत कॉलोनियों में 40 लाख से ज्यादा आबादी रहती है। यह संख्या किसी भी पार्टी को सत्ता तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
नई दिल्ली [संतोष कुमार सिंह]। Delhi assembly Election 2020: प्रधानमंत्री अनधिकृत कॉलोनी दिल्ली आवास अधिकार योजना (पीएम उदय) से भाजपा दिल्ली में अपने भाग्योदय की आस लगाए हुए है। भाजपा नेताओं को लग रहा है कि इस योजना से जहां अनधिकृत कॉलोनियों में रहने वालों को अपने आशियाना का मालिकाना हक मिलेगा। वहीं, पार्टी का दिल्ली में चल रहा वनवास भी समाप्त हो जाएगा। इसे ध्यान में रखकर पार्टी इस योजना से लाभांवित होने वाले लोगों के बीच सक्रियता बढ़ा रही है। इसी कड़ी में एक सप्ताह का विशेष अभियान चलेगा, जिसमें प्रदेश व जिला पदाधिकारियों के साथ ही सांसद, विधायक व पूर्व विधायक भी शामिल होंगे।
राजधानी दिल्ली की अनधिकृत कॉलोनियों में 40 लाख से ज्यादा आबादी निवास करती है। यह संख्या किसी भी पार्टी को सत्ता तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। यही कारण है कि दशकों से इन कॉलोनियों को नियमित करने को लेकर सियासत होती रही है। कांग्रेस हो या आम आदमी पार्टी (आप) या भाजपा सभी की कोशिश इन कॉलोनियों में रहने वालों को अपने साथ जोड़ने की रहती है। नरेंद्र मोदी सरकार ने दिवाली से पहले इन कॉलोनियों को नियमित करने की घोषणा की है। इस योजना को पीएम उदय नाम दिया गया है। नियमितीकरण की घोषणा के साथ ही भाजपा सतर्क हो गई है कि इस काम का श्रेय कोई और न ले सके। इस योजना का नाम पीएम उदय रखने के पीछे भी यही कारण बताया जा रहा है।
नेताओं का कहना है कि इस नाम से जनता के बीच यह संदेश जाएगा कि प्रधानमंत्री मोदी के प्रयास से उन्हें अपने घर का मालिकाना हक मिल रहा है। पिछले दिनों भाजपा सांसद व नेता रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) के प्रतिनिधियों को साथ लेकर प्रधानमंत्री से मिलने गए थे और अब इन कॉलोनियों में विशेष अभियान चलाने का फैसला किया गया है।
भाजपा नेताओं का कहना है कि 280 संगठनात्मक मंडलों में से लगभग एक सौ उन मंडलों की पहचान की गई है। जिनमें अनधिकृत कॉलोनियां स्थित हैं। बुधवार से इन मंडलों में विशेष जनसंपर्क अभियान चलेगा। प्रत्येक मंडल का संयोजक एक वरिष्ठ नेता को बनाया जाएगा, जो एक सप्ताह तक मंडल में प्रवास करेंगे। इस बारे में प्रदेश भाजपा के महामंत्री कुलजीत सिंह चहल का कहना है कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से लेकर आप के अन्य नेता इस योजना को लेकर लोगों को गुमराह कर रहे हैं। वह इसका झूठा श्रेय लेना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि लोगों को बताया जाएगा कि किस तरह से कांग्रेस व आप ने उन्हें धोखा दिया है और अब मोदी सरकार ने उनके साथ न्याय किया है।
दिल्ली-एनसीआर की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां पर करें क्लिक