भाजपा सांसद रवि किशन ने कहा - सीएए और एनआरसी से किसी की नागरिकता नहीं जाएगी
गोरखपुर से भाजपा सांसद रवि किशन ने कहा कि सीएए और एनआरसी से किसी की नागरिकता नहीं जाएगी। यह कानून सिर्फ नागरिकता देने के लिए है।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। ओखला विधानसभा क्षेत्र की जेजे कॉलोनी व सरिता विहार में हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और गोरखपुर से भाजपा सांसद रवि किशन ने भाजपा प्रत्याशी ब्रह्म सिंह के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया।
जयराम ठाकुर ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार ने विकास के नाम पर झूठ बोलकर दिल्लीवासियों को धोखा देने का काम किया है। अब इनसे पिछले चुनाव में किए गए वादों को लेकर सवाल किए जाते हैं तो सवालों को वे दिल्ली का अपमान बताते हैं। उन्होंने केंद्र सरकार के ऐतिहासिक फैसलों के रूप में अयोध्या में राम मंदिर बनने और जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने के फैसले का जिक्र किया। कहा कि हमारी मजबूत पैरवी व ठोस तथ्यों के चलते ही सुप्रीम कोर्ट ने राम मंदिर बनाने के पक्ष में फैसला सुनाया है।
वहीं गोरखपुर से भाजपा सांसद रवि किशन ने कहा कि सीएए और एनआरसी से किसी की नागरिकता नहीं जाएगी। यह कानून सिर्फ नागरिकता देने के लिए है। विपक्षी दल सीएए और एनआरसी को लेकर जनता को गुमराह कर देश में जहर घोलने का काम कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि आप सरकार गरीबों का भला नहीं कर सकती। गरीबों का भला व सुरक्षा की गारंटी भाजपा सरकार ही पुख्ता कर सकती है। वहीं, भाजपा प्रत्याशी ब्रह्म सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार में ही दिल्ली का पूर्ण विकास संभव है। कांग्रेस और आप ने तो बस दिल्ली वालों को गुमराह किया है।
दिल्ली में इस बार विधानसभा चुनाव आठ फरवरी को है और वहीं 11 फरवरी को मतगणना है। इस बार विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी, भाजपा और कांग्रेस के बीच टक्कर है। बता दें कि पिछली बार की तरह आम आदमी पार्टी को इस बार अपने प्रदर्शन को दुहाराने का दबाव है। वहीं भाजपा और कांग्रेस को सत्ता में आने का मौका है।