Delhi Election 2020: कांग्रेस प्रत्याशी अलका लांबा ने की AAP कार्यकर्ता को थप्पड़ मारने की कोशिश
Delhi Election 2020 चांदनी चौक विधानसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी अलका लांबा के आम आदमी पार्टी कार्यकर्ता को थप्पड़ मारने की खबर है।
नई दिल्ली, एएनआइ। Delhi Election 2020 : दिल्ली विधानसभा चुनाव 2020 के तहत दिल्ली की सभी 70 सीटों पर शनिवार सुबह 8 बजे से मतदान जारी है। इस बीच चांदनी चौक विधानसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी अलका लांबा (Congress candidate Alka Lamba from Chandni Chowk Assembly Seat) के आम आदमी पार्टी कार्यकर्ता को थप्पड़ मारने की कोशिश की।
समाचार एजेंसी एएनआइ के मुताबिक, शनिवार को मतदान के दौरान मजनूं का टीला इलाके में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में विवाद हो गया। इस दौरान वहां पर मौजूद चांदनी चौक से कांग्रेस प्रत्याशी अलका लांबा ने AAP कार्यकर्ता को थप्पड़ मारने की कोशिश की। समाचार एजेंसी एएनआइ द्वारा जारी वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि अलका लांबा ने AAP कार्यकर्ता को पुलिस के सामने ही थप्पड़ मारने की कोशिश की, लेकिन उसे थप्पड़ नहीं लगा। वहीं, पीड़ित AAP कार्यकर्ता संजय सिंह का कहना है कि पार्टी इस संबंध में चुनाव आयोग से शिकायत करेगी।
वहीं, आम आदमी पार्टी के बागी नेताओं में शुमार कुमार विश्वास ने अलका लांबा का पक्ष लेते हुए ट्वीट किया है- अपनी पूर्व साथी और विधायक पर अश्लील टिप्पणी करके व उसके बेटे के बारे में निहायत ग़लीज़ बात कहकर आत्ममुग्ध बौने के पालित चिंटू ने अपने आका की ही औक़ात दिखाई है। योद्धा है, उसकी विजय उसका स्वाभिमान है।
यहां पर बता दें कि कांग्रेस नेता और चांदनी चौक से प्रत्याशी अलका लांबा पहले आम आदमी पार्टी की इसी सीट से विधायक थीं। कुछ महीने पहले ही उन्होंने आम आदमी पार्टी छोड़कर कांग्रेस का दामन थामा है। वहीं, पिछले बार के कांग्रेस प्रत्याशी प्रह्लाल सिंह साहानी इस बार आम आदमी पार्टी से उम्मीद हैं। उधर, भारतीय जनत पार्टी से 2015 के विधानसभा में भी चुनाव लड़ चुके सुमन कुमार गुप्ता इस बार भी भाजपा से ही चुनाव मैदान में हैं।