Delhi Election 2020: केजरीवाल बताएं उनका शाहीन बाग व शरजील से क्या है रिश्ताः नड्डा
Delhi Assembly Election 2020 नड्डा ने कहा कि देश में सबसे गंदा पानी दिल्ली का है। केजरीवाल ने एक भी नया स्कूल नहीं खोला।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। Delhi Assembly Election 2020: दिल्ली विधानसभा चुनाव 2020 के लिए भाजपा ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा बुधवार को गीता कॉलोनी में नुक्कड़ सभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के खिलाफ जमकर निशाना साधा। जेपी नड्डा ने कहा कि देश में सबसे गंदा पानी दिल्ली का है। केजरीवाल ने एक भी नया स्कूल नहीं खोला। कुछ दिन पहले दिल्ली के सांसदों ने स्कूलों का निरक्षण किया। एक स्कूल तो ऐसा था जहां बच्चे ज़ोर से पैर भी नहीं पटक सकते, कहीं कभी मलबा उनपर न गिर जाए।
आम आदमी पार्टी और सीएम केजरीवाल की निंदा करते हुए जेपी नड्डा ने कहा कि मुख्यमंत्री बताएं उनका शाहीन भाग और शरजील इमाम के साथ क्या रिश्ता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री केजरीवाल और उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा था कि गृहमंत्री पहले शरजील इमाम को गिरफ्तार करें। इस बयान के आने के 24 घंटे में ही अमित शाह ने शरजील इमाम को गिरफ्तार करवा दिया। नड्डा ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी के नेता देश विरोधी लोगों के साथ हैं।
नारेबाजी करने पर नड्डा ने जताई नाराजगी
भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा जब लोगों को संबोधित कर रहे थे तब भीड़ में मौजूद कुछ लोगों ने देश के गद्दारों को गोली मारो की नारेबाजी करने लगे। इस पर जेपी नड्डा ने नाराजगी जताई और कहा कि लोग ऐसी विवादित नारेबाजी ना करें।
नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे लोगों की निंदा करते हुए जेपी नड्डा ने कहा कि सीसीए के विरोध में जगह-जगह बाग बनाएं जा रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उन्हें शरणार्थियों को नागरिकता देने के लिए कानून बनाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने राम मंदिर में बहुत टांग अड़ाई। देश ने जवाहर लाल नेहरू, इंदिरा गांधी को पूर्ण बहुमत दिया, लेकिन वह कश्मीर से धारा-370 नहीं हटा सके। लेकिन जब नरेंद्र मोदी को पूर्ण बहुमत दिया तो धारा-370 हटा दी।
आप के चुनावी नारे पर कसा तंज
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि सीएम केजरीवाल साढ़े चार साल कहते रहे कि उन्हें काम नहीं करने दिया गया। अब चुनाव में कह रहे अच्छे बीते पांच साल लगे रहो केजरीवाल। जब भाजपा ने कहा कि तुम तो कहते थे काम नहीं करने दिया जा रहा है, इसपर केजरीवाल ने पलटी मारी और नारा दिया अच्छे होंगे अगले पांच साल।
ये भी पढ़ेंः Delhi Election 2020: कीर्ति आजाद ने बताया कांग्रेस के स्टार प्रचारक अभी क्यों नहीं कर रहे प्रचार
Delhi Election 2020 : जानिए क्यों सियासी समर से नदारद हैं कई समुदाय के नेता