Delhi Election 2020: जेपी नड्डा ने विरोधियों पर साधा निशाना, कहा- AAP और कांग्रेस एक ही सिक्के के दो पहलू
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने महरौली की चुनावी रैली में आम आदमी पार्टी पर निशाना साधा।
नई दिल्ली [अरविंद द्विवेदी]। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने महरौली की चुनावी रैली में आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले केजरीवाल कहते थे की हमें काम करने नहीं दिया गया अब नारा लगा रहे कि अच्छे बीते पांच साल... । उन्होंने सवालिया लहजे में कहा कि 'यह अच्छे कैसे बीते जब काम नहीं करने दिया तो।'
कांग्रेस पर साधा निशाना
70 साल में कांग्रेस ने जो समस्याएं नासूर की तरह खड़ी की थी, भाजपा ने सात माह में समाप्त कर दिया। धारा 370 से हटने की आपसे ज्यादा खुशी जम्मू कश्मीर की जनता को है। लेकिन, ये कांग्रेस के लोग जम्मू कश्मीर को लेकर हायतौबा मचाते हैं। आप (AAP) भी उनके पीछे-पीछे वही कर रही है।
आप और कांग्रेस एक जैसी पार्टी
आप और कांग्रेस एक ही सिक्के के दो पहलू हैं।
जम्मू में भारत के बहुत से कानून लागू नहीं थे, घरेलू हिंसा एन्टी करप्शन कानून लागू नहीं था। अब सब लागू हो रहा है तो इनको दर्द हो रहा है। अगर हम सती प्रथा, बल विवाह, दहेज के खिलाफ कानून बना सकते हैं तो तीन तलाक के खिलाफ कानून क्यों नहीं बना सकते।
कई मुस्लिम देशों में बंद है तीन तलाक
पाक, बंगलादेश, ईरान, तुर्की, सीरिया, मलेशिया में तीन तलाक बंद है, लेकिन भारत में इसका विरोध हो रहा है। मोदी के लिए देश पहले, वोट बाद में है। एनआईए को हमने वो ताकत दी है कि अब कोई व्यक्ति अपराध करके विदेश भाग जाए तब भी उसे हम भारत लाकर दंडित कर सकते हैं।
सीएए को लेकर कांग्रेस और आप पर साधा निशाना
देश का विभाजन धर्म के आधार पर किया, इतना बड़ा नरसंहार हुआ। गांधी जी ने भी कहा कि धर्म के आधार पर जो लोग प्रताड़ित हुए हैं उन्हें भारत लाकर उन्हें नागरिकता दी जाए। सीएए से हम नागरिकता दे रहे हैं, ले नहीं रहे। आप और कांग्रेस देश के लोगों को बरगला रही है। ये वोट बैंक की राजनीति पर अपना उल्लू सीधा कर रहे हैं।