Adarsh Nagar Election Result 2020: आदर्शनगर सीट पर पवन शर्मा जीते, भाजपा के राजकुमार ने दी कड़ी टक्कर
Adarsh Nagar Delhi Assembly Election Result 2020 आदर्शनगर सीट पर पवन शर्मा को जीत हासिल हुई है। उन्होंने भाजपा के राजकुमार और कांग्रेस के मुकेश गोयल को हरा दिया।
नई दिल्ली, जेएनएन। आदर्श नगर विधानसभा सीट पर आए नतीजों के बाद से आप उम्मीदवार के समर्थकों में खुशी की लहर है। आदर्शनगर सीट से आप प्रत्याशी पवन शर्मा ने जीत हासिल की है। भाजपा के राजकुमार भाटिया और कांग्रेस के मुकेश गोयल ने आप प्रत्याशी को हराने का पूरा प्रयास किया लेकिन उन्हें जनता का साथ नहीं मिला।
Adarsh Nagar Assembly Result Live Updates: जानिए किसको मिले कितने वोट
- आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी पवन शर्मा कई राउंड की काउंटिंग में आगे रहने के बाद अंतिम काउंटिंग नतीजों में चुनाव जीत गए हैं। दैनिक जागरण संवाददाता के अनुसार आदर्श नगर सीट से कांटे के मुकाबले में आप प्रत्याशी पवन शर्मा 1589 मतों के अंतर से जीते हैं।
- आदर्शनगर सीट के शुरुआती रुझान से ही आप प्रत्याशी पवन शर्मा वोटों की बढ़त पर रहे। कई राउंड की कांउंटिंग में भी पवन शर्मा ने बढ़त बनाए रखी और आखिकर बड़े मार्जिन से चुनाव में जीत दर्ज की। अंतिम राउंड की काउंटिंग के बाद पवन शर्मा को कुल 46892 वोट मिले।
- भाजपा प्रत्याशी राजुकमार भाटिया ने आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी को टक्कर तो दी लेकिन हरा नहीं सके। राजकुमार भाटिया अंतिम राउंड की काउंटिंग में पीछे हो गए नतीजतन उन्हें नजदीकी अंतर से हार का सामना करना पड़ा। राजकुमार को कुल 45303 वोट हासिल हुए।
- कांग्रेस को आदर्शनगर विधानसभा सीट से करारी हार झेलनी पड़ी है। मतगणना की शुरुआत से ही वोटों के बड़े अंतर से पीछे रहे कांग्रेस उम्मीदवार मुकेश गोयल अंत तक बढ़त हासिल नहीं कर सके और हार का मुंह देखना पड़ा। मुकेश गोयल को कुल 10014 वोट हासिल हुए।
आदर्शनगर सीट पर भाजपा और कांग्रेस का चुनावी इतिहास
आदर्शनगर सीट उत्तर दिल्ली लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र का हिस्सा है। 1993 में यहां पहली बार विधानसभा चुनाव कराए गए थे। इन चुनावों में भाजपा के जय प्रकाश यादव ने जीत हासिल की थी। उन्होंने कांग्रेस के मंगत राम को हराकर पहला विधायक बनने का गौरव पाया था। वर्तमान में आम आदमी पार्टी के नेता पवन कुमार शर्मा इस विधानसभा सीट से विधायक हैं।
इस विधानसभा क्षेत्र में सबसे ज्यादा 3 बार कांग्रेस के मंगत राम को जीत हासिल हुई है, जबकि भाजपा को 2 बार और आम आदमी पार्टी के हाथ एक बार जीत आई है। यह क्षेत्र रेलवे लाइन और मेट्रो लाइन के जरिए पूरी दिल्ली से जुड़ा हुआ है। दिल्ली क्षेत्र का बड़ा बाजार होने के साथ ही यह विधानसभा सीट धार्मिक रूप से भी लोगों के बीच प्रसिद्ध है। यहां के कई मंदिरों में नवरात्र और सावन के दिनों में भारी संख्या में भक्तों की लाइन लगती है।