Delhi Election 2020: डयूटी के दौरान सफाई कर्मचारी की मृत्यु पर 1 करोड़ मुआवजा का वादा
Delhi Election 2020 केजरीवाल ने कहा कि डयूटी के दौरान मृत्यु हो जाने पर सफाई कर्मचारी के परिजनों को एक करोड़ का मुआवजा दिया जाएगा।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। Delhi Election 2020: दिल्ली विधानसभा चुनाव 2020 के लिए आम आदमी पार्टी (आप) ने मंगलवार को अपना चुनावी घोषणा पत्र जारी कर दिया। आप ने अपने घोषणा पत्र में दिल्ली जनलोकपाल बिल, दिल्ली स्वराज बिल सहित 10 लाख बुजुर्गों को तीर्थ यात्रा, राशन की डोर स्टेप डिलीवरी और ड्यूटी के दौरान मारे गए सफाई कर्मियों के आश्रितों को एक करोड़ की राशि देने जैसी घोषणाएं शामिल हैं।
पार्टी मुख्यालय में आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि डयूटी के दौरान मृत्यु हो जाने पर सफाई कर्मचारी के परिजनों को एक करोड़ का मुआवजा दिया जाएगा। संभवतः देश में इतनी बड़ी रकम मुआवजे के तौर पर कोई भी राज्य सरकार सफाई कर्मचारियों को नहीं देती। अगर दिल्ली में इसे अमल में लाया गया तो शायद यह पहला मौका होगा कि सफाई कर्मचारी की मौत पर एक करोड़ मुआवजा कोई सरकार देगी।
सफाई कर्मचारियों के वोट बैंक पर आप की नजर
बता दें कि दिल्ली में करीब 50 हजार सफाई कर्मचारी हैं। माना जा रहा है कि केजरीवाल की नजर सफाई कर्मचारियों के वोट बैंक पर है। केजरीवाल के इस वादे से कितना सफाई कर्मचारी प्रभावित होंगे यह तो आने वाला समय ही बताएगा।
केजरीवाल ने जनता के सामने रखा अपना विजन
आम आदमी पार्टी मुख्यालय में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पार्टी का घोषणा पत्र जारी करते हुए कहा कि पिछले 5 साल में हमारी सरकार ने दिल्ली की जनता को बहुत से क्षेत्रों में राहत पहुंचाने का काम किया है। पिछले 5 साल बुनियादी समस्याओं को ठीक करने में बीते, अब हमारा अगला लक्ष्य दिल्ली को विकास के अगले पायदान पर लेकर जाना है।
केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली को 21 वीं सदी का शहर बनाना है। दिल्ली को एक आधुनिक शहर और देश की एक सशक्त राजधानी बनाना है, जिसके ऊपर दिल्ली और देश के लोगों को गर्व हो। ऐसी ही दिल्ली बनाने के लिए हमने अपना घोषणा पत्र बनाया है। उन्होंने कहा कि यह कर पाना हम लोगों के लिए अकेले संभव नहीं है। इसके लिए हमें दिल्ली के दो करोड़ लोगों के सहयोग की जरूरत है। केंद्र सरकार के सहयोग की भी जरूरत है और तमाम सरकारी संस्थानों के सहयोग की भी जरूरत है।
AAP के घोषणापत्र की मुख्य बातें
राशन की डोर स्टेप डिलीवरी
खाद्य राशन की आपूर्ति में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने और सभी के लिए खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एक क्रांतिकारी पहल के रूप में राशन की डोर स्टेप डिलीवरी शुरू की जाएगी।
10 लाख बुजुर्गो को तीर्थयात्रा
आप सरकार बनने पर दिल्ली में अगले पांच सालों में 10 लाख बुजुर्गो को तीर्थ यात्रा कराया जाएगा। आप ने घोषणा पत्र में कहा है कि बुजुर्गो का पूरा जीवन बच्चों और परिवार की देख-रेख में निकल जाता है। वो खुद की इच्छाओं पर ध्यान नहीं दे पाते हैं। तीर्थ यात्रा पर जाने की साेचते हैं पर जा नहीं पाते। आम आदमी पार्टी ने बुजुर्गो की इच्छाओं को पूरा करने का बीड़ा उठाया है।
युवाओं के बेहतर भविष्य के लिए अंग्रेजी बोलने का प्रशिक्षण
दिल्ली में रोजगार के अवसरों और आय की संभावनाओं को बढ़ाने के लिए पिछले 5 वर्षों में दिल्ली के किसी भी सरकारी या निजी स्कूल से शिक्षा पूरी कर चुके छात्रों के लिए अंग्रेजी, सॉफ्ट स्किल्स और पर्सनैलिटी डेवेलपमेंट क्लासेस की शुरुआत की जाएगी।
विश्वस्तरीय सड़कें
आधुनिक डिजाइन वाली सुंदर-सपाट और सुरक्षित सड़कें विश्व स्तर के मानकाें के अाधार पर बनाई जाएंगी। जिसकी शुरुआत अगले एक वर्ष के भीतर 40 किलोमीटर लंबी सड़कों के पायलट प्रोजेक्ट के साथ होगी।
रेड राज की समाप्ति
आप की सरकार दिल्ली के सभी व्यापारियों को एक स्वतंत्र और उचित कारोबारी माहौल प्रदान करती रहेगी। रेड राज पर अंकुश जारी रहेगा। दिल्ली की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए विश्वास और सहयोग की भावना के साथ व्यापार और व्यवसाय करने वाले लोगों से जुड़कर काम किया जाएगा।