Delhi Assembly Election 2020: AAP मंगलवार को जारी कर सकती है चुनावी घोषणा पत्र
Delhi Assembly Election 2020 आम आदमी पार्टी का चुनावी घोषणा पत्र तैयार हो गया है। जानकारी के अनुसार पार्टी घोषणा पत्र मंगलवार को जारी कर सकती है।
नई दिल्ली, जेएनएन। Delhi Assembly Election 2020: आम आदमी पार्टी का चुनावी घोषणा पत्र तैयार हो गया है। जानकारी के अनुसार, पार्टी घोषणा पत्र मंगलवार को जारी कर सकती है। केंद्रीय बजट के पेश होने के बाद घोषणापत्र में नए मुद्दे भी जोड़े गए हैं। इस बार घोषणा पत्र में प्रदूषण की समस्या को दूर करने और यमुना की सफाई की बात होगी। परिवहन क्षेत्र के मामले में भी वादे किए जाएंगे।
इसके अलावा दिल्ली की जनता से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी बात होगी। आप के घोषणा पत्र में दिल्ली की सफाई व्यवस्था को लेकर घोषणा की जाएगी। बता दें कि भाजपा और कांग्रेस पहले ही अपना घोषणा पत्र जारी कर चुकी है।
केजरीवाल ने अपना घोषणा पत्र वेबसाइट से हटाया: शाह
वहीं गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को मुंडका विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी मास्टर आजाद सिंह के पक्ष में चुनावी सभा को संबोधित किया। इस दौरान शाह ने मुख्यमंत्री केजरीवाल पर जोरदार हमला बोला और कहा कि पांच साल कार्य करने के बाद सरकार अपने कार्य का लेखा-जोखा लेकर जनता के बीच जाती है और वोट मांगती है, लेकिन केजरीवाल ने अपना घोषणा पत्र अपनी वेबसाइट से हटा दिया है।
अमित शाह ने कहा कि केजरीवाल दिल्ली में पांच साल से सरकार चला रहे हैं। उन्हें दिल्ली की जिम्मेदारी इसलिए दी गई थी कि वह सड़क बनाएंगे। साफ पानी देंगे। विकास करेंगे। केजरीवाल ने एक हजार स्कूल, 50 कॉलेज बनाने की बात कही थीं। 15 लाख सीसीटीवी लगाने और पांच हजार बसें चलाने की बात कही थी, लेकिन इनमें एक भी काम नहीं किया। डीटीसी की बसों की संख्या बढ़ाने के बदले एक हजार बसें घटा दीं। केजरीवाल ने पिछले पांच साल केवल दिल्ली की जनता से धोखा दिया है। वह दिल्ली की जनता को पीने का साफ पानी देने में भी असफल रहे हैं। देश के 21 शहरों में सबसे गंदा पानी दिल्ली का है।