Delhi Assembly Election 2020: पूर्व भाजपा पार्षद राम दयाल ने दिखाए बगावती तेवर, लड़ेंगे निर्दलीय
Delhi Assembly Election 2020टिकट को लेकर पार्टी आलाकमान के फैसले के खिलाफ जाते हुए पूर्व पार्षद राम दयाल महतो ने निर्दलीय चुनाव लड़ने का एलान कर दिया है।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। Delhi Assembly Election 2020 : दिल्ली विधानसभा चुनाव-2020 के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी (Bhatiya Janta Party) अब तक 57 सीटों अपने उम्मीदवारों का एलान कर चुकी है। नामांकन में सिर्फ दो दिन शेष और उसे अभी 13 सीटों पर उम्मीदवारों को एलान करना बाकी है। माना जा जा रहा है कि भाजपा सोमवार देर रात तक 13 सीटों पर भी सभी नामों का एलान कर देगी।
राम दयाल ने किया निर्दलीय चुनाव लड़ने का एलान
इस बीच किराड़ी विधानसभा क्षेत्र में भाजपा का अंतर्कलह रविवार को खुलकर सामने आ गया। टिकट को लेकर पार्टी आलाकमान के फैसले के खिलाफ जाते हुए पूर्व पार्षद राम दयाल महतो ने निर्दलीय चुनाव लड़ने का एलान कर दिया। वह सोमवार को समर्थकों के साथ नामांकन पत्र भरेंगे। इस दौरान शक्ति प्रदर्शन के लिए रैली भी निकालेंगे। इस अंतर्कलह की पृष्ठभूमि गत साल किराड़ी में आयोजित भाजपा के एक कार्यक्रम में आपस में हुई मारपीट को बताया जा रहा है।
भाजपा जेजे सेल के सह प्रभारी हैं राम दया
राम दयाल महतो किराड़ी के प्रताप विहार वार्ड से 2012 से 2017 तक भाजपा पार्षद रह चुके हैं। वर्तमान में वह दिल्ली प्रदेश भाजपा जेजे सेल के सह प्रभारी पद पर काबिज हैं। उन्होंने साफ कहा कि टिकट बंटवारे में किराड़ी सीट पर पार्टी आलाकमान ने जमीनी कार्यकर्ताओं की भावनाओं को नजरअंदाज किया है।
यहां पर बता दें कि दिल्ली विधानसभा चुनाव -2015 में भारतीय जनता पार्टी का पिछले दो दशकों में सबसे बुरा प्रदर्शन रहा था। दिल्ली में पांच साल तक सत्ता में रहने वाली भाजपा पिछले विधानसभा चुनाव में 70 में से महज 3 सीटें ही हासिल कर सकी थी, वहीं कांग्रेस शून्य पर सिमट गई थी। भाजपा इस बार सत्ता वापसी के लिए पूरी कोशिश कर रही है, इसके लिए उसने आम आदमी पार्टी के ठीक बाद और कांग्रेस से पहले अपने प्रत्याशियों का एलान कर दिया।