दिल्ली नगर निगम चुनाव 2022
दिल्ली नगर निगम के अधिनिमय में संशोधन के बाद अब कुल 250 वार्ड हैं, जिनमें 4 दिसंबर 2022 को मतदान होगा। इसके परिणाम 7 दिसंबर को घोषित किया जाएगा। इसी साल 22 मई से एकीकृत दिल्ली नगर निगम के रूप में कार्य कर रहा है। पूर्णकालिक तीनों निगमों का कार्यकाल 18 मई 2022 को खत्म हो गया था। इससे पहले वर्ष 2012 में दिल्ली नगर निगम को तीन हिस्सों (उत्तरी, पूर्वी दिल्ली दक्षिणी) में विभाजित कर दिया गया था। ऐसा कार्य प्रणाली में बेहतरी और नागरिक सेवाएं आसानी से सुलभ कराने के मकसद से किया गया था। लेकिन तीनों निगम घाटे में चले गए। अब तीनों निगमों को एक कर दिया गया है। वर्तमान में दिल्ली नगर निगम कुल 12 जोन क्षेत्र में विभाजित है। दिल्ली नगर निगम 2022 के चुनाव के बाद एक ही मेयर होगा, इससे पहले तीन निगम होने के चलते तीन मेयर होते थे।
दिल्ली नगर निगम चुनाव 2017 में पूर्वी निगम की 64 सीटों में से भाजपा को 47, आम आदमी पार्टी को 11, कांग्रेस को तीन और अन्य के खाते में 2 सीटें आई थीं। वहीं, दक्षिणी दिल्ली नगर निगम की कुल 104 सीटों में से भाजपा को 70, आम आदमी पार्टी को 16, कांग्रेस को 12 और अन्य को 6 सीटें हासिल हुई थीं। इसके अलावा, उत्तरी दिल्ली नगर निगम की 104 सीटों में भाजपा को 64, आम आदमी पार्टी को 21, कांग्रेस को 15 और अन्य को तीन सीटों पर संतोष करना पड़ा। चुनाव में कुल 54 प्रतिशत मतदान हुआ था।