जिसको मिलेगा आधी आबादी का आशीर्वाद, उसे मिलेगी विधायकी
मरवाही विधानसभा क्षेत्र में भाजपा ने बीते विधानसभा चुनाव की तरह इस बार भी महिला उम्मीदवार को चुनाव मैदान में उतारा है।
बिलासपुर । जिले की सात में से दो विधानसभा क्षेत्र मरवाही व मस्तूरी में आधी आबादी एक बार फिर भाग्य विधाता की भूमिका में नजर आ रहीं हैंं। इन दो विधानसभा क्षेत्रों में पुरुषों की तुलना में इनकी संख्या ज्यादा है। लिहाजा राजनीतिक दलों के उम्मीदवारों को कुछ ज्यादा ही जोर लगाना पड़ेगा।
वर्ष 2013 के विधानसभा चुनाव के दौरान मतदान के आंकड़ों पर नजर डालें तो पुरुषों की तुलना में महिला मतदाताओं ने बढ़चढ़कर हिस्सा लिया था। मौजूदा चुनाव में भी पोलिंग प्रतिशत इनकी ज्यादा रहने की संभावना है। आमतौर पर ऐसा माना जाता है कि मतदान दिवस को महिलाएं त्योहार की तरह मनाती हैं।
इस दिन सुबह से ही घर के कामकाज को पूरा कर लेती हैं और फिर आस पड़ोस की सभी महिलाएं समूह बनाकर मतदान केंद्र की ओर रवाना होती हैं। खासियत ये कि समूह में जाने वाली महिलाएं तब तक पोलिंग बूथ में डटी रहती हैं जब तक समूह में शामिल सभी महिलाएं वोट नहीं कर लेतीं।
पुरुषों में समूह में पोलिंग बूथ जाने और वोट करने की प्रवृति का अभाव रहता है। ये अकेले ही मतदान करने में भरोसा करते हैं। यही कारण है कि इन्हें यह भी पता नहीं चलता कि घर के युवा सदस्य कब वोट डालने जाएंगे या वोट डालने जाएंगे भी या नहीं। इन व्यवहारिक कारणों की वजह से भी महिलाएं पुरुषों की तुलना में मतदान को लेकर कुछ ज्यादा ही गंभीर नजर आती हैं।
मरवाही में भाजपा की महिला प्रत्याशी
मरवाही विधानसभा क्षेत्र में भाजपा ने बीते विधानसभा चुनाव की तरह इस बार भी महिला उम्मीदवार को चुनाव मैदान में उतारा है। इस बार चेहरा बदल दिया है। समीरा पैकरा की जगह अर्चना पोर्ते को उम्मीदवार बनाया है।
आधी आबादी की बहुलता वाले विधानसभा चुनाव में महिलाओं के बीच अर्चना की प्रभावी भूमिका का असर भी दिखाई देगा। कांग्रेस में अभी उम्मीदवारी चयन को लेकर घमासान मचा हुआ है। जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ के सुप्रीमो अजीत जोगी इस बार मरवाही विधानसभा क्षेत्र से चुनाव मैदान में नजर आएं तो अचरज की बात नहीं होनी चाहिए।
मरवाही विधानसभा क्षेत्र
- महिला मतदाताओं की संख्या-93511
- पुरुष मतदाताओं की संख्या- 90293
मस्तूरी विधानसभा क्षेत्र
- महिला मतदाताओं की संख्या- 137593
- पुरुष मतदाताओं की संख्या- 132192