VIDEO: कोरबा में भाजपा प्रत्याशी हमला, सुरक्षा मुहैया कराई गई
भाजपा के उम्मीदवार रामदयाल उइके पर उस समय हमले की घटना हुई जब वे शिवपुर से लौट रहे थे।
कोरबा। कोरबा से भाजपा के प्रत्याशी ने गोंडवाना गणतंत्र पार्टी पर हमला कराने का सनसनीखेज आरोप लगाया है। इस शिकायत के बाद जिला प्रशासन ने प्रत्याशी को सुरक्षा मुहैया कराई है।
मिली जानकारी के मुताबिक कोरबा के पानी तानाखार से भाजपा के उम्मीदवार रामदयाल उइके पर उस समय हमले की घटना हुई जब वे शिवपुर से लौट रहे थे। ये इलाका पाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है। उइके ने बताया कि वे जब चुनाव प्रचार के सिलसिले में शिवपुर से लौट रहे थे तब गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के कार्यकर्ताओं ने कांटे और झाड़ियां डालकर उनका रास्ता रोक दिया। प्रत्याशी उइके के मुताबिक जैसे ही वे रुके गोंडवाना के कार्यकर्ताओं ने उन्हें घेर लिया। ये कार्यकर्ता नशे में थे और उन्होंने प्रत्याशी उइके के साथ गाली-गलौज भी की। उइके तुरंत वहां से निकले तो इन कार्यकर्ताओं ने पत्थर मारे। ये पत्थर प्रत्याशी उइके के पीछे चल रहे एक वाहन में लगे। इस पथराव में भाजपा के स्थानीय जनपद उपाध्यक्ष को चोट भी लगी।
उइके ने इस घटना की शिकायत क्षेत्रीय पुलिस और जिला प्रशासन से की। उनकी शिकायत पर प्रशासन ने सुरक्षा देते हुए फेलो गार्ड तैनात किया है।