पालनार में जिला पंचायत सदस्य पर नक्सलियों ने किया जानलेवा हमला
एक अन्य घटना में भाजपा प्रत्याशी भीमा मंडावी के समर्थक व भाजपा नेता रामू नेताम के वाहन पर अज्ञात लोगों ने गोली चलाई है।
दंतेवाड़ा। जिले के पालनार में रविवार की रात नक्सलियों ने जिला पंचायत सदस्य पर हमला कर दिया। उसकी हालत गंभीर है। उनके सिर और गले में गम्भीर चोट है।
जिंप सदस्य नंदलाल मुड़ामी को गंभीर अवस्था मे जिला अस्पताल लाया गया। बताया जा रहा है कि नंदलाल अपने घर मे थे। इस बीच करीब आधा दर्जन से ज्यादा नक्सली वहां पहुंचे और नंदलाल पर हमला कर दिया।
नक्सलियों ने नंदलाल के सिर, गले व कमर में धारदार हथियार से हमला किया। इसके बाद नक्सली वहां से भाग खड़े हुए। वारदात के बाद तत्काल घायल नंदलाल को जिला अस्पताल लाया गया। गंभीर हालत को देखते जगदलपुर रेफर किये जाने की तैयारी की जा रही है।
इधर, घटना की खबर लगते ही भाजपा नेता व कार्यकर्ता अस्पताल पहुंचे। बताया जा रहा है नंदलाल पार्टी कार्य के बाद शाम को घर लौटे थे। रात करीब 8.30 बजे भोजन कर रहे थे, तभी 5-6 नक्सली घर के अंदर घुसे और बाहर निकाल कर धारदार हथियार से हमला किया।
एक अन्य घटना में भाजपा प्रत्याशी भीमा मंडावी के समर्थक व भाजपा नेता रामू नेताम के वाहन पर अज्ञात लोगों ने गोली चलाई है। हालांकि वाहन में मौजूद सभी लोग सुरक्षित हैं। बताया जा रहा है कि रामु नेताम पार्टी कार्य से गीदम ब्लाक के सुरोखी गए थे। हमला उसी इलाके में हुआ।