छत्तीसगढ़ में भूपेश मंत्रिमंडल का शपथ ग्रहण समारोह 25 दिसंबर को
मुख्यमंत्री सचिवालय आज भेजेगा मंत्रियों का नाम। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल सोमवार शाम को भोपाल से रायपुर पहुुंच रहीं हैं।
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के मंत्रिमंडल का शपथ ग्रहण समारोह 25 दिसंबर को सुबह 11 बजे होगा। इसके लिए राजभवन के दरबार हाल में तैयारी शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री सचिवालय से मंत्रियों की सूची सोमवार शाम तक राजभवन भेजी जाएगी। मुख्यमंत्री बघेल खुद सूची लेकर राज्यपाल से मिल सकते हैं।
राजभवन के आला अधिकारियों ने बताया कि राज्यपाल आनंदीबेन पटेल सोमवार शाम को भोपाल से रायपुर पहुुंच रहीं हैं। यहां शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के बाद फिर दोपहर 12 बजे भोपाल के लिए रवाना हो जाएंगी।
मध्यप्रदेश में भी उन्हें क्रिसमस के दिन ही मंत्रियों को शपथ दिलाना है। मुख्यमंत्री सचिवालय के उच्च पदस्थ सूत्रों की मानें तो बचे दस मंत्रियों को एक साथ शपथ दिलाई जाएगी। राजभवन की ओर से डेढ़ सौ अति विशेषजनों को निमंत्रण पत्र भेजा जाएगा।
शामिल होंगे कांग्रेस के आला नेता
शपथ ग्रहण में कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया, डॉ. अस्र्ण उरांव और डॉ. चंदन यादव भी शामिल होंगे। पार्टी सूत्रों का कहना है कि मंगलवार को मंत्रियों के शपथ ग्रहण के बाद पुनिया लोकसभा चुनाव की तैयारी को लेकर मुख्यमंत्री से चर्चा भी कर सकते हैं।
पार्टी के नेताओं ने बताया कि मुख्यमंत्री ने मंत्रियों के शपथ ग्रहण के लिए संसद में कांग्रेस विधायक दल के नेता मल्लिकार्जुन खडगे समेत कुछ और राष्ट्रीय स्तर के नेताओं को भी निमंत्रण दिया है।