CG : 41 साल बाद इस सीट पर दो प्रतिद्वंद्वियों की बेटियां चुनाव मैदान में
1972 के चुनाव में भाजपा प्रत्याशी पांडेय के पिता स्व. मनहरणलाल पांडेय और डॉ. सिंह स्व.रोहिणी कुमार वाजपेयी आमने-सामने थे।
बिलासपुर । तखतपुर विधानसभा सीट से भाजपा हर्षिता पांडेय और कांग्रेस डॉ. रश्मि सिंह को चुनाव मैदान में उतारा है। करीब 41 वर्ष पहले इसी सीट से इन दोनों महिला प्रत्याशियों के पिता मनहरण लाल पांडेय और रोहिणी कुमार वाजपेयी के बीच रोचक मुकाबला हुआ था। भाजपा प्रत्याशी पांडेय के पिता स्व. मनहरणलाल पांडेय और डॉ. सिंह स्व.रोहिणी कुमार वाजपेयी वर्ष 1972 के चुनाव में आमने-सामने थे। इसमें वाजपेयी जीते थे। वर्ष 1977 में फिर दोनों के बीच मुकाबला हुआ।
तब पांडेय को जनादेश मिला था। दोनों चुनाव में रोचक मुकाबला हुआ था। इसके बाद वाजपेयी सक्रिय राजनीति से अलग हो गए थे। वहीं, पांडेय को भाजपा ने जांजगीर लोकसभा सीट से प्रत्याशी बनाया था। चुनाव जीतकर वे दिल्ली पहुंच गए।
ससुर भी राजनीति में रहे सक्रिय
डॉ. रश्मि के पिता रोहिणी कुमार वाजपेयी के अलावा उनके ससुर बलराम सिंह भी तखतपुर विधानसभा क्षेत्र से लंबे समय तक प्रतिनिधित्व किया है। वे दो बार यहां के विधायक रहे। इसे संयोग ही कहा जाएगा कि डॉ.रश्मि का ससुराल व मायका तखतपुर विधानसभा क्षेत्र में ही है। उनका मायका गनियारी व बेलपान है तो ससुराल नेवरा है।