प्रत्याशी चयन से पहले ही सीटिंग MLA का कांग्रेस को झटका, डैमेज कंट्रोल में जुटी पार्टी
प्रत्याशी चयन से पहले ही बिल्हा विधायक सियाराम कौशिक ने कांग्रेस को जोर का झटका दिया है। उन्होंने कांग्रेस से किनारा कर जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ से चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है।
बिलासपुर। प्रत्याशी चयन से पहले ही बिल्हा विधायक सियाराम कौशिक ने कांग्रेस को जोर का झटका दिया है। उन्होंने कांग्रेस से किनारा करने और जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ से बिल्हा विधानसभा से चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है। इधर कांग्रेस के नेताओं का कहना है कि वे इस तरह की राजनीतिक परिस्थिति के लिए पहले से ही तैयार थे। उनका कहना है कि बिल्हा में सियाराम का विकल्प तैयार कर लिया है। यहां से तीन नामों का पैनल केंद्रीय स्क्रीनिंग कमेटी के समक्ष पेंडिंग है। इन्हीं में से किसी एक को टिकट मिलेगा।
दो साल पहले गठित हुई थी जकांछ
पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी ने दो साल पहले कांग्रेस को अलविदा कहते हुए जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ का गठन कर लिया था। पेंड्रा के कोटमी की सभा में जब जोगी ने क्षेत्रीय दल बनाने की घोषणा की थी, तब भी उनके साथ विधायक सियाराम मंच पर मौजूद थे। तब से लेकर आजतक वे सार्वजनिक रूप से जोगी के साथ मंच पर नजर आ रहे हैं।
अनुशासहीनता का आरोप
अनुशासहीनता के आरोप में कांग्रेस ने बिल्का विधायक सियाराम कौशिक व विधायक आरके राय को पार्टी से निष्कासित कर दिया था। निष्कासन के बाद सदस्यता समाप्त करने विधानसभाध्यक्ष को नेता प्रतिपक्ष टीएस सिंहदेव ने पत्र भी लिखा है। उनके पत्र के आधार पर दोनों विधायकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। इस बीच छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव की आयोग ने घोषणा कर दी।
भाजपा ने बिलासपुर जिले के अंतर्गत आने वाले सात में से छह विधानसभा सीटों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। सिर्फ कोटा सीट पेंडिंग है। कांग्रेस में प्रत्याशी चयन को लेकर माथापच्ची जारी है। कांग्रेस की जोर आजमाइश के बीच विधायक सियाराम ने कांग्रेस को अलविदा कहते हुए जकांछ से चुनाव लड़ने की घोषणा कर दी है।
इस मामले में प्रवक्ता अभय नारायण राय (पीसीसी छग) ने बताया कि बीते डेढ़ वर्षों से सियाराम कौशिक की कांग्रेस के प्रति निष्ठा संदिग्ध हो गई थी। अनुशासहीनता के आरोप में पार्टी ने उन्हें निष्कासित भी कर दिया है। हमने अपनी तैयारी शुरू कर दी थी। बिल्हा विधानसभा सीट से तीन नामों का पेनल केंद्रीय चुनाव समिति के समक्ष पेंडिंग है। इसमें सियाराम का नाम शामिल नहीं है। उनके जाने से कांग्रेस को फर्क पड़ने वाला नहीं है।
इधर बिलासपुर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विजय केशरवानी ने बताया कि सियाराम कौशिक डेढ़ वर्षों से कांग्रेस से दूरी बना ली थी। जकांछ के कार्यक्रमों में वे लगातार सक्रिय रहे हैं। बिल्हा में हमारी तैयारी इतने ही वर्षों से चल रही है।