सोशल मीडिया पर कांग्रेस ने महिलाओं के अपमान को बनाया मुद्दा, भाजपा ने किया काउंटर
कांग्रेस नेताओं से लेकर आईटी सेल तक ने महिलाओं के वस्त्रों की जांच वाले फोटोग्राफ्स के साथ भाजपा पर लगातार हमला कर रहे हैं।
रायपुर, राज्य ब्यूरो। सोशल मीडिया में राजनीतिक दलों के बीच वार जारी है। दलों के वार रूम से लगातार हमला हो रहा है। अभी कांग्रेस ने महिलाओं के अपमान को मुद्दा बनाया है। पीसीसी अध्यक्ष भूपेश बघेल से लेकर नेता-प्रतिपक्ष टीएस सिंहदेव और कांग्रेस आइटी सेल तक महिलाओं के वस्त्रों की जांच वाले फोटोग्राफ्स के साथ भाजपा पर लगातार हमला कर रहे हैं। भाजपा के आइटी सेल ने भी कांग्रेस के पोस्ट का काउंटर किया है। अभी दोनों तरफ से यही मुद्दा छाया हुआ है।
कांग्रेस का हमला
- 'यह बेहद शर्मनाक पहलू है कि अमित शाह की रैली के दौरान महिलाओं के अंदस्र्नी कपड़ों की की भी जांच की गई। मां, बहन, बेटियों के इस अपमान को कांग्रेस बर्दाश्त नहीं करेगी। महिलाओं का अपमान करने वाली इस सरकार को उखाड़ फेंकने का वक्त आ चुका है।'
भूपेश बघेल, पीसीसी अध्यक्ष
- 'चरौदा में सुरक्षा तंत्र ने हद पार कर दी। यह बेहद निंदनीय है। इसके लिए जो लोग जिम्मेदार हैं, उन पर तत्काल कार्रवाई होनी चाहिए। जो इस व्यवस्था का प्रभारी था उसकी भी जिम्मेदारी बनती है।'
- टीएस सिंहदेव, नेता-प्रतिपक्ष
- 'अरे बीजेपी फॉर सीजी स्टेट वालों! प्रदेश की नारी शक्ति के साथ की गई शर्मनाक हरकत एपं छत्तीसगढ़ महतारी के अपमान के लिए डॉ. रमन सिंह और अमित शाह को सार्वजनिक माफी मांगनी चाहिए। आपने पूरे छत्तीसगढ़ को राष्ट्रपटल पर शर्मसार किया है।'
- आइएनसी छत्तीसगढ़ (कांग्रेस आइटी सेल)
भाजपा का काउंटर
- एक पोस्टर पोस्ट किया है, 'खबरों को क्रॉप कर, झूठ फैला रही है कांग्रेस। लाशों की राजनीति करने वाले अब महिलाओं को लज्जित करने वाली राजनीति कर रहे हैं। पोस्टर में खबर की कतरन भी डाली गई है, उसमें बताया गया है कि जिस हिस्से को कांग्रेस आइटी सेल ने क्रॉप किया है, उसमें साफ लिखा है कि यह कांग्रेस का सवाल है, न कि किसी महिला ने शिकायत की है। यह बेहद शर्मनाक है।'
- भाजपा आइटी सेल