CG Assembly elections कांग्रेस का ध्यान अपनी उन्नति, भाजपा कर रही राष्ट्र उन्नति : स्मृति ईरानी
ईरानी ने कहा कि छत्तीसगढ़ में रमन सरकार ने महिलाओं के उत्थान के लिए योजनाएं लाईं और आज महिला बराबरी के साथ खड़ी है।
रायपुर। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस का ध्यान सिर्फ अपनी उन्नति पर था, लेकिन भाजपा सरकार ने राष्ट्र की उन्नति के लिए काम किया।
भाजपा कार्यालय एकात्म परिसर में पत्रकारों से चर्चा में ईरानी ने कहा कि छत्तीसगढ़ में रमन सरकार ने महिलाओं के उत्थान के लिए योजनाएं लाईं और आज महिला बराबरी के साथ खड़ी है। उन्होंने महिलाओं को बांटे जा रहे 40 लाख मोबाइल, नोनी(बालिका) सुरक्षा, सरस्वती साइकिल योजना, उज्जवला योजना का जिक्र किया। राशन कार्ड में महिलाओं का नाम देकर सरकार ने बड़ी पहल की।
ईरानी से जब महंगाई पर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि आर्थिक विकास का पैमाना यह है कि भारत विश्व के अन्य देशों की तुलना में कहां खड़ा है। यूपीए सरकार 2014 में कर्ज का बोझ छोड़कर गई थी, मोदी सरकार ने उससे उबारकर नया भारत के निर्माण का संकल्प लिया।
राजबब्बर के नक्सलियों की क्रांति वाले बयान पर निशाना साधते हुए ईरानी ने कहा कि जो बेगुनाहों का खून बहाते हैं। संविधान को पैरों तले रौदते हैं, उनका कांग्रेस समर्थन कर रही है। यह कांग्रेस के लिए शर्म की बात है। संविधान के सम्मान को सर्वोच्च रखकर कांग्रेस के आला नेताओं को राजबब्बर के बयान की निंदा करनी चाहिए।