Chhattisgarh Loksabha: बिलासपुर संभाग की सीटों पर जकांछ-बसपा की निगाहें
Chhattisgarh Loksabha election: जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ व बहुजन समाज पार्टी बिलासपुर संभाग में अपने को मजबूत मानती हैं।
रायपुर, नईदुनिया, राज्य ब्यूरो। लोकसभा चुनाव साथ मिल कर लड़ने की घोषणा कर चुके जकांछ-बसपा गठबंधन में सीटों का फार्मूला भी तय हो गया है। जकांछ को छह व बसपा को पांच सीटों पर चुनाव लड़ना है। पर बिलासपुर संभाग की चार सीटों पर गठबंधन उलझन में है। दोनों ही दलों का यहां मजबूत जनाधार माना जाता है और दोनों ही दल इस संभाग की अधिक से अधिक सीट अपने कोटे में रखना चाहते हैं।
जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ व बहुजन समाज पार्टी बिलासपुर संभाग में अपने को मजबूत मानती हैं। विधानसभा चुनाव में जकांछ के अजीत जोगी व डॉ. रेणु जोगी तथा बसपा की इंदू बंजारे व केशव चंद्रा इस बार भी इसी संभाग से चुन कर आए हैं। जांजगीर चांपा को बसपा अपना मक्का मानती है क्योंकि पार्टी के संस्थापक अध्यक्ष यहां से चुनाव लड़ चुके हैं। ऐसे में इस संभाग की कोरबा बिलासपुर, रायगढ़ व जांजगीर चांपा लोकसभा सीट पर दोनों ही दलों का दावा है। जकांछ व बसपा इस संभाग में अधिक सीट चाह रहे हैं। ऐसे में गठबंधन इस संभाग की चार सीटों का बंटवारा कैसे करेगा यह तो समय ही बताएगा पर दोनों ही दलों की निगाह इन चार सीटों पर खड़ी है।
जकांछ प्रमुख अजीत जोगी लोकसभा चुनाव में अपने पूर्व विधायक बेटे को लोकसभा चुनाव लड़ाना चाहते हैं। ऐसे में उनकी कोरबा पहली व बिलासपुर दूसरी पसंद है। ऐसे में जकांछ का दो सीटों पर तो पहले ही दावा है। जांजगीर जिले की सभी विधानसभा सीटों को भी बसपा ने अपने खाते में लिया था इसलिए यह सीट बसपा के कोटे में जानी लगभग तय है। ऐसे में सिर्फ रायगढ़ सीट ही अभी बची दिखाई दे रही है। लोकसभा चुनाव के लिए दोनों ही दल अभी से तैयारी में जुट गए हैं।
हाईकमान तय करेगा सीट - हेमंत पोयाम
बहुजन समाज पार्टी के प्रदेश हेमंत पोयाम का कहना है कि गठबंधन में कौन सी सीट किस दल के हिस्से रहेगी इसका निर्णय हाईकमान को करना है। कहा कि बिलासपुर संभाग में दोनों ही दलों का बेहतर जनाधार शुरु से रहा है। कहा गठबंधन में सीटों की पसंद ना पसंद जैसी कोई बात नहीं है। दोनों दल मिलकर चुनाव लड़ेंगे।