Chhattisgarh Election Result 2018 : नए जिलों के वोटरो ने भी दिया BJP को जोर का झटका
Chhattisgarh Election Result 2018 : नवसृजित जिलों में अब तक अर्श पर दिखने वाली भाजपा आज फर्श पर । कुल 22 विधानसभा सीटों में सिर्फ तीन सीटों पर सिमट कर रह गई पार्टी।
रायपुर। डॉ रमन सिंह के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार ने अपने दूसरे कार्यकाल में जिन नौ जिलो का नवसृजन किया वहां के मतदाताओं ने भी उन्हें इस बात तगड़ा झटका दिया।
इन नौ जिलों में अर्श पर दिखने वाली पार्टी आज फर्श पर दिख रही है। नौ जिलों के कुल 22 सीटों में से अब भाजपा के पास सिर्फ तीन सीटें हैं। पिछले विधानसभा चुनाव में यहां की अधिकांश सीटों पर भाजपा का कब्जा था।
डॉ रमन सिंह ने अपने दूसरे कार्यकाल में राज्य में नौ नए जिले सुकमा, बलौदाबाजार, कोंडागांव, बालोद, बेमेतरा, गरियाबंद, मुंगेली, सूरजपुर व बलराम गठित किए। इन नौ जिलों में विधानसभा की कुल 22 विधानसभा सीटें हैं। विधानसभा 2013 के चुनाव में जिलों में अधिकांश सीटों पर भाजपा के उम्मीदवार निर्वाचित हुए। भाजपा को इन जिलों के मतदाताओं से इस बार भी काफी उम्मीद थी पर वोटरों ने नकार दिया।
22 में से 17 सीटें कांग्रेस को सौंप दी। भाजपा किसी तरह अपनी तीन सीटें बचा पाई। नवसृजित अजीत जोगी की जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ ने भी दो सीट हासिल कर ली। सुकमा जिले की एक मात्र विधानसभाा सीट कांग्रेस के खाते में गई। बलोदाबाजार में कांग्रेस को जहां दो वहीं भाजपा व जकांछ को एक एक सीट मिली।
यहां कुल चार सीटें हैं। कोंडागांव की दोनों सीटें कांग्रेस के खाते में गई। बालोद की तीन सीटों में तीनों कांग्रेस के खाते में दर्ज हुई। बेमेतरा में भी कुल तीन सीटें हैं जिसे कांग्रेस ने इस बार अपने पाले में कर ली। गरियाबंद की दो सीटों में से एक कांग्रेस व एक भाजपा को मिली।
मुंगेली जिले में कांग्रेस इस बार कांग्रेस का खाता नहीं खुला। यहां की दो सीटों में से एक भाजपा के पास तो एक जकांछ के पास चली गई। सूरजपुर की तीन व बलरामपुर की दो सीट कांग्रेस के पाले में गई। इस तरह कांग्रेस को 17, भाजपा को तीन व जकांछ को दो सीट इन नवसृजित जिलों में मिली।