कौन बनेगा मुख्यमंत्रीः मप्र, राजस्थान के बाद अब छत्तीसगढ़ की बारी, सस्पेंस बरकरार
Chhattisgarh Election Result 2018 :सीएम पद के चारों दावेदारों से राहुल गांधी ने दिल्ली में वन टू वन की मुलाकात
रायपुर। मध्यप्रदेश के बाद राजस्थान के मुख्यमंत्री की भी घोषणा हो गई, लेकिन छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री पर रहस्य बरकरार है। शुक्रवार को दिल्ली में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री की दौड़ में शामिल भूपेश बघेल, टीएस सिंहदेव, डॉ. चरणदास महंत और ताम्रध्वज साहू से वन-टू-वन चर्चा की। बैठक का दौर दो घंटे चला। इसके बाद राहुल ने मुख्यमंत्री का नाम तय कर दिया।
शनिवार को पर्यवेक्षक मल्लिकार्जुन खडगे व छत्तीसगढ़ प्रभारी पीएल पुनिया चारों दावेदारों के साथ रायपुर आएंगे और राजीव भवन में विधायक दल की बैठक लेकर मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा की जाएगी। दोपहर बाद 3.30 बजे राहुल गांधी के आवास में बैठक शुरू हुई।
राहुल ने बघेल, सिंहदेव, महंत और साहू को अलग-अलग 25-30 मिनट दिए। इसके बाद लगभग 10 मिनट ही राहुल ने संयुक्त चर्चा की। शाम 5.35 बजे सभी एक साथ राहुल के निवास से बाहर निकले। खडगे ने कहा कि चारों दावेदारों ने अंतिम फैसला हाईकमान पर छोड़ दिया है। मुख्यमंत्री का नाम तय हो गया, लेकिन उसकी घोषणा नहीं की।
शनिवार को सुबह 11 बजे विशेष विमान से खडगे, पुनिया, बघेल, सिंहदेव, महंत व साहू दिल्ली से रायपुर के लिए उड़ेंगे। दोपहर दो बजे विधायक दल की बैठक रखी गई है। इस कारण पार्टी के सारे विधायकों को राजधानी में ही रोका गया है। इस बैठक के बाद मुख्यमंत्री राजभवन पहुंचकर राज्यपाल के सामने सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे।
चार घंटे एयरपोर्ट पर फंसे रहे बघेल, सिंहदेव व महंत
हाईकमान के निर्देशानुसार शुक्रवार को दिल्ली जाने के लिए बघेल, सिंहदेव व महंत रायपुर एयरपोर्ट पर सुबह पहुंचे। फ्लाइट 7.40 बजे की थी लेकिन कोहरे के कारण फ्लाइट करीब चार घंटे विलंब हो गई। तीनों नेता 11.30 बजे की फ्लाइट से रवाना हुए।