Chhattisgarh Election Result 2018 : 501 मत हो गए 401, आपत्ति के बाद VVPAT से गिनती
Chhattisgarh Election Result 2018 : शुरुआत से ही तखतपुर विधानसभा की मतगणना के दौरान हुआ विवाद।
बिलासपुर। तखतपुर विधानसभा के मतों की गणना के दौरान उस समय विवाद की स्थिति निर्मित हो गई जब बर्मन गांव के बूथ की ईवीएम में कैद मतों की गिनती शुरू की गई। दरअसल पीठासीन अधिकारी ने इसमें 501 मत दर्ज किया था। लेकिन जैसे ही इसे खोला गया तो मतों का आंकड़ा 401 दिखाने लगा।
कांग्रेस प्रत्याशी रश्मि सिंह के अभिकर्ता ने इस पर आपत्ति जताई। विवाद बढ़ने की स्थिति में वीवीपैट से मतों की गणना की गई।
एक पल यह भी आया जब कांग्रेसियों को धरने पर बैठना पड़ा। दरअसल निर्वाचन अधिकारी के द्वारा स्पष्ट निर्देश था कि गणना में जुटे कर्मचारी बारी- बारी लंच के लिए जाएंगे। लेकिन अचानक सभी कर्मचारी भोजन करने चले गए। इसके कारण अव्यवस्था हुई। इसी को लेकर कांग्रेसी नाराज हुए और आपत्ति करने लगे।
यह मामला शांत हुआ तो बर्मन गांव की ईवीएम में मतों गड़बड़ी से उनका गुस्सा भड़क गया। मशीन में मतों का आंकड़ा कुछ और इसे खोलने के बाद कुछ और सामने आया। इस पर अभिकर्ता ने आपत्ति जताई। इसकी जानकारी मिलने के बाद कांग्रेसी बड़ी संख्या में पहुंच गए और आक्रोश जताने लगे।
इससे जिला प्रशासन व पुलिस के अधिकारी पहुंच गए और उन्हें शांत कराने लगे। एक- एक मतों को लेकर चल रहे संघर्ष के कारण कांग्रेसी किसी तरह की लापरवाही या चूक को रोकने के लिए मशक्कत कर रहे थे। इसी आपत्ति के कारण आखिरकार वीवीपैट से गणना हुई। इसके बाद कांग्रेसियों का गुस्सा शांत हुआ।
कोटा व मरवाही में मशीन में खराबी, मैकेनिक ने सुधारा
मतदान के दिन की तरह मतगणना के दौरान भी ईवीएम में खराबी आती रही। इसके चलते गणना प्रभावित हुई। मरवाही में ऐसी स्थिति पांच बार और कोटा में चार बार आई। बाद में मैकेनिक को बुलाकर मशीन को ठीक कराया गया। इसके बाद गणना प्रारंभ हुई।