CG Election 2018 : भाजपा उम्मीदवारों और चुनाव संचालकों को देगी प्रशिक्षण
CG Election 2018 : मतदान के बाद छुटि्टयां मनाने गए नेता लौटे रायपुर। बैठक में सीएम-सौदान सहित आला नेता होंगे शामिल।
रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के परिणाम आने से पहले भाजपा सभी 90 उम्मीदवारों और चुनाव संचालकों को प्रशिक्षण देने जा रही है। शुक्रवार को भाजपा कार्यालय एकात्म परिसर में बैठक होगी। बैठक में भाग लेने के लिए छुट्टी मना रहे नेताओं का दल आनन-फानन में लौट रहा है।
मंत्री राजेश मूणत श्रीलंका के दौरे पर थे। मूणत के साथ उनकी टीम के एक दर्जन सदस्य भी श्रीलंका गए थे। वहीं, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक बंगलुरु के दौरे थे। मूणत और कौशिक गुस्र्वार को रायपुर लौट आए हैं। वहीं, मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह राजस्थान में चुनाव प्रचार करके लौट आए हैं। मुख्यमंत्री राजस्थान में भाजपा उम्मीदवारों के पक्ष में प्रचार करने गए थे।
भाजपा के आला नेताओं ने बताया कि बैठक में भाग लेने के लिए सभी उम्मीदवार और चुनाव संचालक गुस्र्वार रात तक राजधानी पहुंच गये हैं। बैठक में प्रत्याशियों से बात कर भाजपा के मिशन 65 प्लस की समीक्षा की जाएगी। बैठक के दौरान मतगणना के लिए नियुक्त एजेंटों को प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।
बैठक में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष धरमलाल कौशिक, मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री सौदान सिंह, प्रदेश प्रभारी डॉ. अनिल जैन, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय विशेष रूप से रहेंगे।
कांग्रेस की शिकायतों के बीच चौकन्ना रहेंगे पदाधिकारी
भाजपा के आला नेताओं ने बताया कि एजेंटों को प्रशिक्षण में इस बात की जानकारी दी जाएगी कि वे किस तरह से मतगणना कराएं। साथ ही यह भी ट्रेनिंग दी जाएगी कि गड़बड़ी की आशंका पर कहां शिकायत की जाए। कांग्रेस की शिकायतों के बीच सभी जिलाध्यक्षों और मोर्चा प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों को चौकन्ना रहने का भी निर्देश दिया जाएगा। बताया जा रहा है कि हर जिले में आठ से दस वरिष्ठ नेताओं की टीम को भी तैनात किया जाएगा।