CG Election 2018: जगदलपुर में पांच तो चित्रकोट में डेढ़ फीसद से अधिक बढ़ा मतदान
CG Election 2018: बस्तर जिले ही नहीं संभाग की एक मात्र सामान्य सीट पर इस बार लगभग पांच फीसद मतदान अधिक हुआ है।
रायपुर। बस्तर जिले की तीनों सीटों पर इस बार मतदान के आंकड़े पिछली बार से बेहतर कहे जा सकते हैं। जगदलपुर में पांच व चित्रकोट में करीब डेढ़ फीसद अधिक मतदान हुआ है। एक मात्र बस्तर सीट पर पिछली बार की तुलना में कम मतदान हुआ है, लेकिन हर अंतर बेहद कम है।
बस्तर -0.77
इस सीट पर पिछली बार के लगभग बराबर ही इस बार भी मतदान हुआ है। 2013 में यहां 84.28 फीसद मतदान हुआ था और सीट कांग्रेस जीती थी। इस बार 83.51 मतदान हुआ है, जो पिछली बार की तुलना में यह एक फीसद से भी कम है। परिसीमन के बाद अस्तित्व में आई इस सीट पर 2008 में पहली बार मतदान हुआ तब 74.87 फीसद मतदान हुआ और भाजपा ने जीत दर्ज की।
जगदलपुर +4.63
बस्तर जिले ही नहीं संभाग की एक मात्र सामान्य सीट पर इस बार लगभग पांच फीसद मतदान अधिक हुआ है। यहां हर चुनाव में मतदान बढ़ा है। 2003 में 64.37, 2008 में 71.96 और 2013 में 73.61 फीसद मतदान हुआ। तीनों ही चुनाव में यह सीट भाजपा के पाले में रही। इस बार यहां 78.24 फीसद मतदान हुआ है।
चित्रकोट +1.42
इस बार यहां 80.31 है जो पिछली बार के 78.89 से करीब डेढ़ फीसद अधिक है। 2013 में यहां कांग्रेस ने जीत दर्ज की थी। 2003 में यहां 49.73 वोट पड़े थे और सीट भाजपा जीती थी। 2008 में 64.75 फीसद मतदान हुआ और भाजपा सीट बचाने में सफल रही थी।