CG Election 2018: स्ट्रांग रूम की निगरानी कर रहे कांग्रेस नेता की ठंड से मौत
CG Election 2018 : विधानसभा चुनाव मतदान के बाद ईवीएम में छेड़छाड़ की आशंका से डरे कांग्रेसी कई जिलों में शिफ्टवार दे रहे पहरा।
जशपुरनगर। ईवीएम की रखवाली के लिए स्ट्रांग रूम के बाहर पहरा दे रहे कांग्रेस नेता की मौत हो गई। चर्चा है कि अलाव के सहारे रतजगा करने से उन्हें ठंड लग गई जो मौत का कारण बनी।
गौरतलब है कि ईवीएम से छेड़छाड़ की आशंका को लेकर जशपुरनगर समेत प्रदेश के कई जिलों में कांग्रेसी स्ट्रांग रूम के बाहर टेंट लगा कर पहरा दे रहे हैं। चौबीस घंटे निगरानी के लिए शिफ्ट में नेताओं-कार्यकर्ताओं की ड्यूटी पार्टी द्वारा लगाई गई है।
जशपुरनगर के कुनकुरी तहसील के ग्राम क लिबा निवासी पंकज तिर्की(32) अपने साथियों के साथ दोड़काचौरा में स्थित स्ट्रांगरूम के सामने पहरा दे रहे थे। इस दौरान शनिवार दोपहर भोजन करके वापस लौटने के बाद अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। शरीर का एक हिस्सा लकवा का शिकार हो गया।
मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें जिला चिकित्सालय पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय के डॉक्टरों ने पंकज को अंबिकापुर रेपुर कर दिया। अंबिकापुर में पंकज की मौत हो गई। पंकज अपनी पत्नी और बच्चों के साथ जशपुर के नीमटोली बस्ती में रहकर टाइल्स लगाने करने का काम कर जीविकोपार्जन करते थे।