CG Election 2018 : मतगणना से पहले ही कांग्रेस में मुख्यमंत्री ही नहीं, उपमुख्यमंत्री की भी तलाश
CG Election 2018 : कांग्रेस में लोकसभा चुनाव को साधने के लिए हो रहा विचार। जातिगत समीकरण के आधार पर नाम होंगे तय।
रायपुर। छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव की मतगणना अभी हुई भी नहीं, कांग्रेस अति आत्मविश्वास में है। कांग्रेस दो-तिहाई बहुमत के साथ सरकार बनाने को लेकर आश्वस्त है। इस कारण पार्टी हाईकमान ने मुख्यमंत्री के लिए योग्य नेता की तलाश शुरू कर दी है।
इसके अलावा पार्टी के अंदरखाने इस बात की भी चर्चा शुरू हो गई है कि हाईकमान उपमुख्यमंत्री की भी घोषणा कर सकता है। इसके पीछे यह तर्क दिया जा रहा है कि उपमुख्यमंत्री बनाकर पार्टी लोकसभा चुनाव में जातिगत समीकरण को साधने की कोशिश करेगी।
अगले साल लोकसभा चुनाव होना है, इसलिए कांग्रेस हाईकमान जातिगत समीकरण को साधने के लिए कोई कोर-कसर नहीं छोड़ना चाहता है। अगर, कांग्रेस यहां सत्ता में आती है तो मुख्यमंत्री का नाम जातिगत समीकरण को ध्यान में रखकर तय होगा। जिस वर्ग से मुख्यमंत्री का नाम तय होगा, उस वर्ग को छोड़कर उपमुख्यमंत्री बनाने का विचार चल रहा है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार अभी मुख्यमंत्री पद के लिए तीन ओबीसी और एक सामान्य वर्ग के नेता का नाम प्रमुखता से चल रहा है। इसमें एक नेता मुख्यमंत्री बनेगा, तो बाकी तीन में से एक को उपमुख्यमंत्री बनाया जा सकता है। ऐसा होता है तो छत्तीसगढ़ में पहली बार उपमुख्यमंत्री का पद होगा।
जातिगत समीकरण साधने को बनाए थे दो कार्यकारी अध्यक्ष
विधानसभा चुनाव के पहले जातिगण समीकरण को साधने के लिए ही पहली बार छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी में अध्यक्ष के अलावा दो कार्यकारी अध्यक्षों की नियुक्ति की गई थी। एक कार्यकारी अध्यक्ष आदिवासी वर्ग और दूसरे अनुसूचित जाति वर्ग से बनाए गए थे।