CG CM Bhupesh Baghel: बारिश के कारण शपथ ग्रहण स्थल बदला, अब इंडोर स्टेडियम में समारोह, VIDEO
CG CM Bhupesh Baghel Oath Ceremony: मंच पूरी तरह से भीग गया है और जगह-जगह से पानी टपक रहा है।
रायपुर। बंगाल की खाड़ी में उठा तूफान 'पैथाई' भीषण चक्रवात का खासा असर छत्तीसगढ़ में हो रहा है। रायपुर में भारी बारिश के चलते भूपेश बघेल का मुख्यमंत्री शपथ ग्रहण समारोह अब इंडोर स्टेडियम में होगा। पूर्व में ये साइंस कॉलेज मैदान में होना था, लेकिन बारिश के कारण पूरा मैदान अस्त-व्यस्त हो गया। यहां लगाए गए तंबू-टैंट उड़ गए हैं।
आपको बता दें कि खराब मौसम के कारण नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह स्थल साइंस कॉलेज के मैदान में पानी भर गया। जिसके चलते इंडोर स्टेडियम में शाम 5 बजे शपथ ग्रहण समारोह होगा। अफसरों ने दोपहर में ही यहां पहुंचकर निरीक्षण किया। जिला प्रशासन और नगर निगम के अफसर ताबड़तोड़ व्यवस्था कर रहे हैं। उपजिलाधिकारी राकेश पांडेय ने समारोह स्थल बदलने की आधिकारिक घोषणा की।
आंध्रप्रदेश पहुंचे समुद्री तूफान पैथाई का असर छत्तीसगढ़ में देखा जा रहा है। छत्तीसगढ़ के अधिकांश हिस्से में घने बादल छा गए और कई इलाकों में बारिश हो रही है। बादल और ठंडी हवा से प्रदेशभर में दोपहर का तापमान सामान्य से 4 डिग्री तक नीचे चला गया। रायपुर में साइंस कॉलेज मैदान पर प्रदेश के नए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का शपथ ग्रहण समारोह होना था। शाम 4.30 बजे होने वाले इस समारोह के लिए काफी तैयारियां की गई थी, लेकिन तूफान के चलते हो रही बारिश से शपथ समारोह स्थल पर अव्यवस्था फैल गई। मंच पूरी तरह से भीग गया और जगह-जगह से पानी टपक रहा था। वहीं लोगों के लिए लगाए गए टैंट-तबू उखड़ गए थे और पूरे समारोह स्थल पर कीचड़ हो गया था। इसके चलते ही कार्यक्रम स्थल में बदलाव किया गया।