भाजपा छत्तीसगढ़ विधानसभा के चुनावों में सांसदों को भी उतारेगी मैदान में
पहले चरण की 18 सीटों के लिए पैनल तैयार कर लिया है। इसमें सांसद विक्रम उसेंडी और दिनेश कश्यप का नाम भी शामिल किया गया है।
नईदुनिया, रायपुर। छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा उम्मीदवारों का नाम तय करने के लिए प्रदेश चुनाव समिति की बैठक मंगलवार को आठ घंटे चली। चुनाव समिति के सदस्यों ने पहले चरण की 18 सीटों के लिए पैनल तैयार कर लिया है। इसमें सांसद विक्रम उसेंडी और दिनेश कश्यप का नाम भी शामिल किया गया है। वहीं, मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह का नाम राजनांदगांव, मंत्री केदार कश्यप का नारायणपुर और महेश गागड़ा का नाम बीजापुर सीट के लिए तय किया गया है।
प्रदेश चुनाव समिति की बैठक एकात्म परिसर में दोपहर 12 बजे से शुरू हुई। बैठक में प्रदेशाध्यक्ष धरमलाल कौशिक, मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, प्रदेश प्रभारी डॉ. अनिल जैन, राष्ट्रीय महामंत्री सरोज पाण्डेय, राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री सौदान सिंह, रामविचार नेताम, विष्णुदेव साय, पवन साय, रामप्रताप सिंह, पुन्नूलाल मोहले, रामसेवक पैकरा, अशोक शर्मा, पूजा विधानी, सुभाऊ राम कश्यप, मेघा राम साहू ने सभी 90 सीट के दावेदारों के नाम पर मंथन किया। इस दौरान प्रदेश संगठन की सर्वे रिपोर्ट, संघ की सर्वे रिपोर्ट, सरकार की ओर से कराए गए सर्वे की रिपोर्ट भी रखी गई। सबसे पहले बस्तर और राजनांदगांव की 18 सीटों पर मंथन किया गया। प्रदेश चुनाव समिति ने राजनांदगांव से डॉ रमन सिंह को उम्मीदवार बनाने पर मुहर लगाई।
आज दिल्ली रवाना होंगे कौशिक-रमन
पहले चरण के पैनल को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह और प्रदेश अध्यक्ष धरमलाल कौशिक बुधवार को दिल्ली रवाना होंगे। यहां आला नेताओं के साथ सूची को लेकर मंथन किया जाएगा। बताया जा रहा है कि केंद्रीय संगठन ने भी सर्वे कराया है। चुनाव समिति के पैनल और केंद्रीय समिति के सर्वे के आधार पर टिकट को लेकर एक बार फिर मंथन किया जाएगा।