संबित का कांग्रेस पर हमला, जमानत पर चल रहे नेता नहीं कर सकते देश का विकास
संबित पात्रा ने राज्य में चौथी बार भाजपा की सरकार बनने का दावा किया। उन्होंने रमन सरकार की 15 सालों की उपलब्धियों को गिनाया।
राजनांदगांव, जेएनएन। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा बुधवार को छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव पहुंचे। यहां एक प्रेस कांफ्रेंस में संबित ने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। संबित ने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष भूपेश बघेल का नाम लिए बिना उन पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जमानत पर चल रहे नेता देश का विकास नहीं कर सकते। इस बार जमानती पार्टी कांग्रेस की जमानत भी नहीं बचेगी।
साथ ही संबित ने राज्य के मुख्यमंत्री रमन सिंह की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि रमन सिंह ने सिर्फ छत्तीसगढ़ ही नहीं पूरे देश में गरीबों के बीच चावल वाले बाबा के नाम से पहचान बनाई है। यह एक मजबूत पहचान है जो बताती है कि एक राज्य का मुख्यमंत्री किस कदर दिल से गरीबों के साथ जुड़ा हुआ है। बतादें कि राजनांदगांव से ही सीएम रमन सिंह एक बार फिर विधानसभा चुनाव लड़ने जा रहे हैं।
संबित ने किया जीत का दावा
संबित पात्रा ने राज्य में चौथी बार भाजपा की सरकार बनने का दावा किया। उन्होंने रमन सरकार की 15 सालों की उपलब्धियों को गिनाया। उन्होंने आगे कहा कि मैं जहां भी जाता हूं, रमन सिंह को लोग चावल वाले बाबा नाम से बुलाते हैं। यह संबोधन कोई धनाड्य वर्ग के लोगों ने नहीं दिया। गांव के गरीब लोगों ने उन्हें यह संबोधन दिया है। पूरे देश में लोग उन्हें इस नाम से जानने लगे हैं।
छत्तीसगढ़ ने भाजपा के 15 वर्षों के शासन के दौरान रमन के नेतृत्व में हर क्षेत्र में समग्र विकास किया है। विकास की इस धारा को बनाए रखने के लिए राज्य में भाजपा की सरकार फिर से आना बेहद जरूरी है।