शुक्रवार को छत्तीसगढ़ के दौरे पर आएंगे भाजपा अध्यक्ष अमित शाह
शाह दोपहर एक बजकर 40 मिनट पर आदिवासी समाज के लोगों के साथ भोजन करेंगे।
रायपुर, नईदुनिया, राज्य ब्यूरो। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह शुक्रवार को छत्तीसगढ़ के एक दिवसीय प्रवास पर रहेंगे। शाह सुबह साढ़े दस बजे स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर पहुंचेंगे। वहां से मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह के साथ सिहावा जाएंगे। वहां वह प्रसिद्ध सिहावा आश्रम में संतों का सानिध्य प्राप्त करेंगे। कार्यालय प्रभारी महेंद्र पांडेय ने बताया कि शाह 12 बजे कांकेर के नरहरपुर में तेंदूपत्ता बोनस तिहार में शामिल होंगे। इस अवसर पर आयोजित आदिवासी सम्मेलन को संबोधित करेंगे। शाह दोपहर एक बजकर 40 मिनट पर आदिवासी समाज के लोगों के साथ भोजन करेंगे।
दोपहर तीन बजे अमित शाह भिलाई के चौरादा स्थित दशहरा मैदान में भाजपा के एक लाख महिलाओं के सम्मेलन को संबोधित करेंगे। शाह साढ़े चार बजे गुजराती समाज के सम्मेलन को भी संबोधित करेंगे। इसके बाद राष्ट्रीय महामंत्री सरोज पांडेय के कार्यालय में कोर ग्रुप के पदाधिकारियों से चुनावी चर्चा करेंगे। अमित शाह शाम साढ़े छह बजे दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।