गुजरात में उत्तर भारतीय पर हमले का छत्तीसगढ़ के चुनाव पर भी दिखेगा असर
इन नेताओं का दावा है कि उत्तर भारतीय पर हमले और गुजरात से बाहर करने की भाजपा की साजिश है।
रायपुर, राज्य ब्यूरो। छत्तीसगढ़ के विधानसभा चुनाव में गुजरात में उत्तर भारतीय पर हो रहे हमले असर नजर आ सकता है। छत्तीसगढ़ में सोशल मीडिया पर उत्तर भारतीय संगठन सहित भाजपा विरोधी दलों ने कैंपेन शुरू किया है और चुनाव में भाजपा के खिलाफ हथियार के रूप में इस्तेमाल करना शुरू कर दिया है। छत्तीसगढ़ की करीब दस विधानसभा सीट पर उत्तर भारतीय वोटर प्रभावी भूमिका में है। ये वोटर रायपुर ग्रामीण, रायपुर पश्चिम, धरसींवा, भिलाई नगर, दुर्ग शहर, दुर्ग ग्रामीण, बिलासपुर, कोरबा, रायगढ़ और सरगुजा की कुछ विधानसभा सीट पर प्रभावी भूमिका में हैं।
उत्तर भारतीय के साथ कांग्रेस के नेता भी इसे मुद्दा बना रहे हैं। प्रदेश के राजनीतिक दल हालांकि अभी तक स्थिति साफ नहीं कर रहे हैं, लेकिन विधानसभा क्षेत्र में स्थानीय नेता सोशल मीडिया पर जमकर कैंपेन कर रहे हैं। इन नेताओं का दावा है कि उत्तर भारतीय पर हमले और गुजरात से बाहर करने की भाजपा की साजिश है। हालांकि भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता सच्चिदानंद उपासने ने साफ किया कि किसी समाज के विरोध में काम करना भाजपा की कार्य संस्कृति नहीं है।
स्थानीय मुद्दों के आधार पर गुजरात में विवाद की स्थिति बनी, जिसे भाजपा सरकार ने तत्काल नियंत्रण में लिया। वहीं, कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता सुशील आनंद शुक्ला ने करारा हमला बोला। शुक्ला ने कहा कि महाराष्ट्र से लेकर गुजरात तक उत्तर भारतीय पर भाजपा राज में हमले हो रहे हैं। यह बताता है कि भाजपा देश में बंटवारे की लकीर खींचकर राजनीति करना चाहती है।