धरमलाल कौशिक को फिर मिली छत्तीसगढ़ भाजपा की कमान
धरमलाल कौशिक फिर से प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष चुन लिए गए हैं।
रायपुर। धरमलाल कौशिक फिर से प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष चुन लिए गए हैं। उन्हें आज यहां हुए संगठन चुनाव में निर्विरोध अध्यक्ष चुना गया। राज्य में भाजपा के सभी 10 सांसदों को भी कार्यपरिषद का सदस्य बनाया गया है। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष कौशिक का यह दूसरा कार्यकाल होगा।
इससे पहले छत्तीसगढ़ में भाजपा संगठन में प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव से ठीक एक दिन पहले पर्यवेक्षक को बदल दिया गया। इससे पहले सतना से तीन बार के सांसद गणेश सिंह पर्यवेक्षक के रूप में आने वाले थे, लेकिन अब उनके स्थान पर राज्यसभा सदस्य भूपेंद्र यादव पर्यवेक्षक के रूप में पहुंचे।
बताया जा रहा है कि गणेश सिंह की तबीयत खराब होने के कारण उनके स्थान पर भूपेंद्र यादव को भेजा गया, हालांकि इस बात की भी चर्चा है कि प्रदेश के नेताओं ने वरिष्ठता के आधार पर गणेश सिंह को पर्यवेक्षक बनाने का विरोध किया था। बताया जा रहा है कि इसको केंद्रीय संगठन ने गंभीरता से लेते हुए उनके स्थान पर श्री यादव को पर्यवेक्षक बनाया । रविवार को भाजपा कार्यालय एकात्म परिसर में प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव किया गया।
प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव को लेकर भाजपा के राष्ट्रीय सहसंगठन मंत्री सौदान सिंह ने वरिष्ठ नेताओं के साथ शनिवार को विचार-विमर्श किया था। मुंबई प्रवास से लौटने के बाद मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह को भी प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव को लेकर अचानक हुए बदलाव के बारे में जानकारी दी गई।