कांग्रेस के युवराज को पाकिस्तान और चीन पर ही ज्यादा भरोसा : धर्मेद्र
केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री धर्मेद्र प्रधान ने कहा कि कांग्रेस के युवराज को पाकिस्तान और चीन पर ही ज्यादा भरोसा है। एक ओर हमारी सेना सीमा पर जंग लड़ रही है और दूसरी ओर राहुल गांधी उन देशों के हिमायती बने हैं।
समस्तीपुर । केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री धर्मेद्र प्रधान ने कहा कि कांग्रेस के युवराज को पाकिस्तान और चीन पर ही ज्यादा भरोसा है। एक ओर हमारी सेना सीमा पर जंग लड़ रही है और दूसरी ओर राहुल गांधी उन देशों के हिमायती बने हैं। बिहार विधानसभा का चुनाव विकास बनाम जंगलराज का है। भाईचारा, शांति व अमन चैन के लिए नरेंद्र मोदी एवं नीतीश कुमार के हाथ को मजबूत करें। केंद्रीय मंत्री गुरुवार को रोसड़ा के स्टेडियम मैदान में भाजपा प्रत्याशी वीरेंद्र कुमार के पक्ष में चुनावी सभा कर रहे थे। उन्होंने प्रथम चरण के चुनाव में मतदान के बेहतर प्रतिशत पर बिहार वासियों को धन्यवाद देत हुए कहा कि प्रजातंत्र के प्रति अपने विश्वास को मजबूत किया है। बिहार वासियों की मेहनत पर देश की अर्थनीति टिकी हुई है। कहा कि नीतीश और मोदी के काल में ही बिहार और देश का सर्वागीण विकास होगा। श्री प्रधान ने तेजस्वी यादव पर युवाओं को गुमराह करने और झूठे वादे करने का आरोप लगाते हुए बिहार को विकास की राह पर ले जाने का आह्वान किया। भाजपा नेता ने लोजपा पर गलतफहमी पैदा करने का आरोप लगाते हुए कहा एनडीए नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में चुनाव लड़ रही है। उन्होंने रोसड़ा को जिला का दर्जा दिलाने का भी आश्वासन दिया।
बोले रवि किशन-तेजस्वी यादव के कौना बात के घमंड बा
गोरखपुर के सांसद सह अभिनेता रवि किशन ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि तेजस्वी यादव के कौना बात के घमंड बा? कोरोना काल में कहां दुबके थे युवराज? जनता को जवाब दें। उन्होंने देश में नरेंद्र और रोसड़ा में वीरेंद्र को मजबूत करने का आह्वान करते हुए कहा कि बिहार के जंगल राज को अपने नजरों से देखा है। अनुभव किया है। कहा कि किसी के झांसे में नहीं जाना है। फिर से लालटेन युग में नहीं लौटना है। आज जो विकास की गंगा बह रही है, वह नरेंद्र मोदी और नीतीश कुमार की ही देन है। जरूरत एक बार फिर बिहार में नीतीश कुमार के नेतृत्व में भारी बहुमत से सरकार बनाने की है। लोजपा को वोट कटवा करार देते हुए सावधान रहने की भी अपील की। मौके पर पूर्व केंद्रीय मंत्री रामाशंकर कटेरिया समेत एनडीए के विभिन्न घटक दलों के नेता व कार्यकर्ता मौजूद थे।