महागठबंधन की सरकार बनी तो चालू होंगी सभी चीनी मिलें : राहुल
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने मधुबनी प्रखंड के दौनाहा में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार किसान विरोधी है। देश में किसानों का शोषण हो रहा है। पंजाब के किसानों ने दशहरे पर पीएम का पुतला दहन कर आक्रोश व्यक्त किया।
बगहा । कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने मधुबनी प्रखंड के दौनाहा में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार किसान विरोधी है। देश में किसानों का शोषण हो रहा है। पंजाब के किसानों ने दशहरे पर पीएम का पुतला दहन कर आक्रोश व्यक्त किया। सभा में राहुल आम जनों से मुखातिब हुए और बेरोजगारी के मुद्दे पर जनता की राय मांगी।
मधुबनी के एक बेरोजगार दीपक कुमार गुप्ता ने राहुल गांधी से कहा कि वह दिल्ली के मेट्रो में काम करता था। अब वह बेरोजगार है। श्री गांधी ने पूछा कि तो फिर पटना में काम क्यों नहीं करते। तो उसने कहा कि पटना में मेट्रो नहीं है। इस बात के जवाब पर कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि अगर बिहार में महागठबंधन की सरकार बनती है और उसके मुखिया तेजस्वी यादव बनते हैं तो पटना में मेट्रो की व्यवस्था होगी। श्री गांधी ने कहा कि बेरोजगारी को दूर करने में सरकार विफल रही है। अब नमो युवाओं को पकौड़ा तलने की नसीहत दे रहे हैं। कहा कि यदि पीएम चुनावी सभा के लिए आते हैं तो युवा उनसे सवाल पूछे। कहा कि वे सत्ता में आए तो चंपारण सभी बंद पड़े चीनी मिलों को चालू कराएंगे।
इससे पहले वाल्मीकिनगर से कांग्रेस प्रत्याशी राजेश सिंह, बगहा से कांग्रेस प्रत्याशी जयेश मंगल सिंह एवं वाल्मीकिनगर लोकसभा के प्रत्याशी प्रवेश कुमार मिश्रा के लिए राहुल गांधी ने लोगों से आशीर्वाद मांगा। सभा की अध्यक्षता करते हुए बिहार कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अनिल शर्मा ने कहा कि महागठबंधन के सभी प्रत्याशियों को जीत दिलाएं ताकि बिहार में बदलाव हो सके। सभा को पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोध कांत सहाय, दिल्ली कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राजेश लिलोटिया, कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत राज्यसभा सदस्य अखिलेश सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोध कांत सहाय, बिहार कांग्रेस के पूर्व प्रभारी राजेश लिलोठिया , प्रत्याशी राजेश सिंह, प्रवेश मिश्र, जयेश मंगलम सिंह, कांग्रेसी नेता हिमांशु कुमार, कांग्रेस अध्यक्ष नरेंद्र शर्मा, राजद के जिला अध्यक्ष मुन्ना त्यागी ,नरेश राम, इरशाद हुसैन, शाश्वत केदार ,संदेश यादव सहित सभी छोटे-बड़े नेताओं ने संबोधित किया।