घूंघट को मास्क बना वोटिंग करने पहुंचीं महिलाएं
सुल्तानगंज विधानसभा का चुनाव बुधवार को संपन्न हो गया। सुबह से ही काफी संख्या में महिलाएं वोटिंग के लिए बूथों पर पहुंची थीं।
भागलपुर। सुल्तानगंज विधानसभा का चुनाव बुधवार को संपन्न हो गया। सुबह से ही काफी संख्या में महिलाएं वोटिंग के लिए बूथों पर पहुंची थीं। कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए लोगों को बिना मास्क के मतदान केंद्रों पर प्रवेश नहीं दिया जा रहा था। इस वजह से बिना मास्क पहने आई ज्यादातर महिलाओं ने अपनी घूंघट को ही मास्क के रूप में बांध लिया। रतनगंज, सजौर, समस्तीपुर, बरियारपुर, शाहकुंड, सुखसरोवर, गनगनियां, किशनपुर, जांहगीरा, सुल्तानगंज, उधाडीह, मसदी समेत अन्य बूथों पर कोरोना से बचाव के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। वोटिंग के बाद इस्तेमाल हो चुके ग्लब्स के निस्तारण के लिए मतदान केंद्रों पर डस्टबीन की भी व्यवस्था थी। कुछ बूथों को छोड़ दें तो सुल्तानगंज में शारीरिक दूरी का पालन कराते हुए वोटिंग कराई गई। समस्तीपुर बूथ पर मतदान केंद्र में कम जगह होने के कारण पोलिंग एजेंट के बीच शारीरिक दूरी का पालन नहीं हो पा रहा था। ऐसे बूथों पर लोगों की भीड़ भी कम दिखी।