Move to Jagran APP

मिथिलांचल से सीएम का संदेश, सभी शहर व बाजारों में बनाएंगे बाइपास, जमीन नहीं मिली तो बनाएंगे फ्लाई ओवर

Bihar Assembly Election 2020 दरभंगा के बेनीपुर में मुख्यमंत्री ने की चुनावी सभा कहा- इस बार हमारी सरकार बनी तो घरों का बल्ब बुझने के बाद भी गांव में रहेगी रोशनी गांव की गलियों में लगाएंगे सोलर स्ट्रीट लाइट।

By Murari KumarEdited By: Published: Sun, 25 Oct 2020 12:59 PM (IST)Updated: Sun, 25 Oct 2020 05:30 PM (IST)
मिथिलांचल से सीएम का संदेश, सभी शहर व बाजारों में बनाएंगे बाइपास, जमीन नहीं मिली तो बनाएंगे फ्लाई ओवर
दरभंगा के के बेनीपुर पहुंचे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार

दरभंगा, जेएनएन। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रविवार को दरभंगा व मधुबनी में एनडीए के प्रत्याशियों के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित किया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा है कि हम काम में विश्वास करते हैं। हमने हर घर तक बिजली पहुंचा दी। गांव-गांव तक सड़क बन गई। लड़कियां पढ़ने लगीं। अस्सी फीसद घरों तक नल का जल पहुंच गया। इस बार हमारी सरकार बनी तो गांव की गलियों में सोलर स्ट्रीट लाइट लगाएंगे। गांव के लोग अपने घरों के बल्ब बुझा भी देंगे तब भी गांव में रोशनी रहेगी। हर खेत तक सिंचाई की सुविधा उपलब्ध कराएंगे। हर बाजार, हर शहर में बाइपास बनाएंगे। ताकि लोगों को जाम व अन्य तरह की समस्याओं से जूझना नहीं पड़े। जहां जमीन नहीं मिलेगी, वहां फ्लाई ओवर बनाएंगे। लेकिन, जाम से लोगों को मुक्ति दिलाकर ही दम लेंगे।

loksabha election banner

नीतीश रविवार को दरभंगा जिले के बेनीपुर स्थित जननायक कर्पूरी ठाकुर बाबा नागार्जुन स्टेडियम में बेनीपुर से एनडीए (जदयू) के प्रत्याशी विनय कुमार चौधरी उर्फ अजय चौधरी और अलीनगर के एनडीए प्रत्याशी वीआइपी के मिश्रीलाल यादव के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। नीतीश ने मंच से विपक्ष पर भी जमकर निशाना साधा। कहा- कुछ लोग मेरे खिलाफ बोलते हैं। बोलते हैं तो मेरा प्रचार होता है। खूब छपते हैं। हम न्याय के साथ विकास करने में विश्वास करते हैं। हमने काम किया है। उन्हें मौका मिला। पंद्रह साल। कुछ नहीं किया। यदि कुछ होगा तो एनडीए के लोग ही करेंगे। केंद्र की मदद से राज्य में काम होगा। कुछ लोग अपने परिवार की चिंता करते हैं। हमारे लिए तो पूरा बिहार हमारा परिवार है। कुछ लोगों का काम है झूठ बोलकर भ्रम फैलाकर समाज में झगड़ा लगाना। हम तो मानके चलते हैं जनता मालिक है। काम करने का मौका देंगे तो सेवा करेंगे।

सीएम ने अपने सरकार के कार्यकाल में हुए कार्यों को भी गिनाया। बोले- हमने सड़क बना दी। अब राजधानी से लोगों को जिला मुख्यालय आने-जाने में परेशानी नहीं होती। अब हमने प्रण किया है कि पांच घंटे में राज्य के दुरुह क्षेत्र से भी लोग राजधानी पहुंचे। ससमय अपने घर वापस हो जाएं। हमने हर इलाके की सेवा की है। हम कहते रहे हैं जब मिथिला का विकास होगा तभी बिहार का विकास होगा। हमने शुरू से इसी उद्देश्य के साथ काम किया। जब केंद्र में काम करने का मौका मिला तब भी मिथिला के लिए काम किया। बिहार में जब दूसरे एम्स की बात ही चली तभी से मेरे मन में यह बात थी कि दरभंगा में एम्स की स्थापना हो। आज वह पूरा हुआ। दरभंगा एयरपोर्ट के लिए कोशिश की। लगातार कोशिश की और यहां से उड़ान सेवा शुरू होने जा रही है। इसमें कोई कमी नहीं रह जाए, इसके लिए लगातार कोशिश की। आज यह भी पूरा होने जा रहा है।

मधुबनी में बोले सीएम- जनता का आशीर्वाद मिला तो हर गली सोलर लाईट से होगी रोशन

 मैं न्याय के साथ विकास में विश्वास करता हूं। इसे कर के भी दिखाया है। मेरा सदा से कहना और मानना रहा है कि मिथिलांचल के विकास के बिना बिहार का विकास नहीं होगा। यहां के लिए मेरे मन में सदा सम्मान का भाव रहा है। उक्त बातें मधेपुर प्रखंड के भेजा स्थित दयाराम उच्च विद्यालय के प्रागंण में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों के लिए सदा से बेटा, बेटी और पत्नी परिवार रहा है। लेकिन, मेरे लिए पुरा बिहार एक परिवार है। मैं काम में विश्वास करता हूं। आज बिहार काफी आगे बढ़ गया है। विकास दर में बढ़ोत्तरी जारी है। महिलाओं की सक्रियता बढ़ी है। जीविका स्वयं सहायता समूह देश में रोल मॉडल साबित हो रहा है। मुख्यमंत्री विपक्ष पर भी काफी हमलावर रहे।

 कहा कि जो लोग अपना आर्दश राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को मानते रहे हैं, आज उनकी कही गई बातों को पलटने की बात करते हैं। कहा कि चुनाव के वक्त कुछ लोग हम पर काफी गुस्से में हैं। आज शराब के धंधेबाज एकजुट होकर हमारा विरोध कर रहे हैं। कहा कि अगर बिहार की जनता इस बार भी अपना आशीर्वाद देती है तो हरेक गली को सोलर लाईट से रौशन करने का काम करूंगा। प्रत्येक खेत को पानी, साफ-सफाई की व्यवस्था, कई गांवों को मिलाकर महत्वपूर्ण सड़कों का निर्माण, शहर बाजार में बाईपास व फ्लाईओवर का निर्माण, आठ-दस गांवों पर पशु चिकित्सालय का निर्माण सहित कई नए योजनाओं पर काम किया जाएगा।

 मुख्यमंत्री ने फुलपरास से जदयू प्रत्याशी शीला कुमारी को जिताने के लिए लोगों से आग्रह किया। जल संसाधन मंत्री संजय झा ने कहा कि कोरोना जिस समय आया, पूरे देश में सबसे ज्यादा बिहार को लेकर लोग चिंतित थे। लोगों की चिंता यह थी कि यहां क्या होगा, बिहार में तो कुछ नहीं है। लेकिन, मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में बिहार जिस प्रकार इस विपदा से निपटा, पूरे देश ने देखा। बिहार से बाहर रहने वालों को सम्मानजनक तरीके से वापस लाया गया। उनके रहने-खाने की व्यवस्था की गई। एक-एक हजार रुपये दिए गए।

 आज झंझारपुर में मेडिकल कॉलेज बन रहा है। जन-जीवन-हरियाली का काम हुआ है। घर-घर नल का जल पहुंचाया जा रहा है। फिर भी कुछ लोगों को विकास नहीं दिखता। उन्हें दिखेगा भी नहीं, क्योंकि उनकी मंशा सिर्फ सत्ता का सुख भोगना है। सभा को सांसद रामप्रीत मंडल, पूर्व सांसद मंगनीलाल मंडल, पूर्व विधायक जगत नारायण सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष सियाराम साह, जदयू जिलाध्यक्ष अब्दुल कयूम, विक्रमशिला देवी, देवानंद झा, नंद कुमार सिंह, शीला कुमारी मंडल सहित कई अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया। अध्यक्षता जदयू प्रखंड अध्यक्ष आशोक झा उर्फ लाल झा ने और संचालन भाजपा मध्य के मंडल अध्यक्ष उपेंद्र यादव ने किया।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.