Bihar, Shivhar Election 2020 : विधानसभा चुनाव से ठीक पहले क्यों तिनका-तिनका बिखर गया शिवहर राजद का कुनबा, जिलाध्यक्ष- उपाध्यक्ष समेत कइयों ने दिया इस्तीफा
Bihar Shivhar Election 2020 रालोसपा में शामिल हुए जिलाध्यक्ष ठाकुर धर्मेंद्र सिंह। सीतामढ़ी के बेलसंड से होंगे उम्मीदवार। उपाध्यक्ष श्रीनारायण सिंह ने दिया इस्तीफा शिवहर से लड़ेंगे निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव। राजद ने लवली आनंद के बेटे को शिवहर से प्रत्याशी बनाया है।
शिवहर, जेएनएन। Bihar, Shivhar Election 2020 : राजद ने शिवहर विधानसभा सीट से अपने प्रत्याशी के नाम की घोषाण कर दी है। लवली आनंद के बेटे को शिवहर से प्रत्याशी बनाया है। हालांकि पहले चर्चा यह थी कि यहां से लवली आनंद को टिकट दिया जाएगा। हालांकि अंत समय में उनके बेटे को सिंबल दे दिया गया। हालांकि इससे ठीक पहले राजद का कुनबा तिनका-तिनका बिखर गया है। ऐसे में नए प्रत्याशी के लिए सबकुछ ठीक करना किसी चुनौती से कम नहीं होगा।
जिलाध्यक्ष ठाकुर धर्मेंद्र सिंह और उपाध्यक्ष श्रीनारायण सिंह समेत कई नेताओं ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। ठाकुर धर्मेंद्र सिंह ने रालोसपा की सदस्यता ले ली है। रालोसपा ने उन्हें सीतामढ़ी जिले के बेलसंड विधानसभा सीट से प्रत्याशी भी घोषित कर दिया है। उन्होंने कहा कि राजद में उन्हें काफ़ी सम्मान मिला। उन्होंने भी पार्टी नेतृत्व के हर फैसले का सम्मान किया। पार्टी को सींचने में बड़ी भूमिका का निर्वहन ईमानदारी के साथ किया। लेकिन राजनीतिक मज़बूरी के चलते उन्होंने इस्तीफा दिया है। शुक्रवार की देर रात उन्होंने मोबाइल पर इसकी जानकारी दी। कहा, बेलसंड की जनता के समर्थन से वह जीत हासिल करेंगे। जबकि, उपाध्यक्ष पद से इस्तीफा देने के बाद पूर्व मुखिया सह पूर्व जिला पार्षद श्रीनारायण सिंह ने बगावती तेवर दिखाते हुए शिवहर से निर्दलीय चुनाव लड़ने का एेलान किया। उन्होंने तेजस्वी यादव पर पार्टी के सक्रिय नेताओं को दरकिनार करने और धनबल की बदौलत प्रवासी नेताओं को टिकट देने का आरोप लगाया।