बिहार चुनाव : अमरपुर में बोले चिराग- बिहार को 15 साल तक ठगा है नीतीश ने
बांका के अमरपुर में लोजपा प्रत्याशी के पक्ष में प्रचार करने पहुंचे चिराग पासवान ने कहा कि नीतीश कुमार ने 15 साल तक बिहार को ठगा है। उन्होंने कुछ भी काम नहीं किया। उनकी सरकार बनी तो बिहार फस्ट बिहारी फस्ट के तर्ज पर काम होगा।
बांका, जेएनएन। बांका के अमरपुर विधानसभा क्षेत्र के लोजपा उम्मीदवार मृणाल शेखर के समर्थन में पार्टी प्रमुख चिराग पासवान ने सभा को संबोधित किया। उन्होंने नीतीश कुमार को टारगेट किया। उन्होंने लोजपा उम्मीदवार को जिताने की अपील की। कहा नीतीश सरकार ने 15 साल तक बिहार को ठगने का काम किया है। उनकी सरकार बनने पर शिक्षा सहित सभी व्यवस्थाएं दुरूस्त की जाएगी।
वहीं, शंभूगंज के द्वारिका अमृतसर की उच्च विद्यालय मैदान पर लोजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि नीतीश सरकार युवा विरोधी सरकार है। युवा के लिए उन्होंने अपनी सरकार में एक भी काम नहीं किया है। बिहार में आज बेरोजगारी चरम पर है। इस ओर मुख्यमंत्री का ध्यान नहीं है। लोग रोजगार के लिए यहां-वहां भटकते रहते हैं। चिराग पासवान ने कहा कि नीतीश कुमार का साथ निश्चय योजना चाहे वह गली-नाली हो अथवा नल-जल। सभी तरह की योजनाओं में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हुआ है। हर ओर लूट-खसोट मचा हुआ है। यदि लोजपा की सरकार बनी तो तमाम योजनाओं की जांच कराएंगे और यदि दोष सिद्ध हुआ तो मुख्यमंत्री को जेल भेजने का काम करेंगे। उन्होंने लोगों से अपली करते हुए कहा कि बिहार के विकास के लिए वे लोजपा के उम्मीवार को वोट करें।
शराब की हो रही होम डिलीवरी
लोजपा सुप्रीमो चिराग पासवान ने कहा कि आज बिहार में शराब की होम डिलीवरी हो रही है और तस्करी का पैसा सीधे मुख्यमंत्री तक जा रहा है। शराबंदी केवल नाम का रह गया है। इसका असर नहीं दिख रहा है। मुख्यमंत्री सब कुछ जान कर भी अनजान बने हैं। शिक्षा व्यवस्था रसातल पर पहुंच चुका है। तीन साल की जगह विद्यार्थियों को स्नातक की पढ़ाई पूरी करने में पांच साल लग रहे हैं। बेरोजगारी चरम पर है लेकिन नीतीश सरकार को कोई वीजन नहीं है। अगर उनकी सरकार बनती है तो इस चीजों को दुरुस्त किया जाएगा।